100 रुपये के लिए मां को मार डाला, आरोपी बेटे को लोगों ने जमकर कूटा
गोपालगंज में एक शख्स ने 100 रुपये के लिए अपनी मां की हत्या कर दी. आरोपी को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया है.

Published : February 22, 2026 at 8:37 PM IST
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में महिला की हत्या कर दी गई. हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि उसका बेटा है. मामला जिले के बैकुठपुर थाना क्षेत्र के उसरी बिन टोली का है. जहां महज 100 रुपये के लिए युवक ने अपनी मां की गला काटकर हत्या कर दी. हालांकि स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी, उसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया.
पैसे के लिए मां को मार डाला: मृतक महिला की पहचान गणेश रावत की 55 वर्षीय पत्नी सुमित्रा देवी के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबकि आरोपी रामभरोस रावत ने अपनी मां से 100 रुपये की मांग की थी. मां के पास पैसे नहीं थे, लिहाजा उसने पैसे देने से मना कर दिया. जिसके बाद आरोपी नाराज हो गया और उसने घर में रखे धारदार हथियार से अपनी मां पर हमला कर दिया. आरोपी बेटे ने मां का गला रेत दिया. जिस वजह से मां की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई.

"सभी लोग मछली पकड़ने गए थे. घर मेरी पत्नी अकेली थी. इतने में बड़ा बेटा उसके पास पहुंचा और सौ रुपया मांगा लेकिन उसके पास पैसा नहीं होने पर बेटा शराब पीकर आया और गला रेत दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. वह नशे का आदी है. दो शादी की है. दोनों पत्नी ने उससे तंग आकर उसे छोड़ दिया है."- गणेश रावत, मृतक के पति
लोगों ने आरोपी को जमकर पीटा: जैसे ही इस हत्या की खबर आसपास के लोगों को मिली, गांव में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों ने जब खून से लथपथ मां का शव और पास में आरोपी बेटे को देखा तो लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. आक्रोशित भीड़ ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी बेटे को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी.
बैकुण्ठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महिला की गला काटकर हत्या के मामले में त्वरित गिरफ्तारी।@bihar_police@BiharHomeDept@IPRDBihar@DigSaran@Dist_Gopalganj#haintaiyaarhum #biharpolice #bihar #gopalganjpolice pic.twitter.com/wPgoBGZyJA
— Gopalganj Police (@GopalganjPolice) February 22, 2026
तफ्तीश में जुटी पुलिस: इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके कर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया है. वहीं एफएसएल की टीम की मदद से पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी. साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. सदर एसडीपीओ 2 राजेश कुमार ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त रामभरोस रावत को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना के कारणों और अन्य संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.
"बैकुण्ठपुर थाना क्षेत्र के उसरी बिन टोली में सुमित्रा देवी को उनके ही बेटा द्वारा गला काटकर हत्या कर देने की सूचना प्राप्त हुई. पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे तथा घटना का निरीक्षण किया. घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन हेतु एफएसएल टीम को बुलाया गया. आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल गोपालगंज भेजा गया."- राजेश कुमार, सदर एसडीपीओ-2
ये भी पढ़ें: भाभी के साथ अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी की हत्या की कोशिश, घुमाने ले जाकर पति ने दबाया गला

