ओझा-गुणी के शक में बेटे ने ले ली पिता की जान, आरोपी गिरफ्तार
गढ़वा के बड़गड़ में ओझा-गुणी के शक में बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी.

Published : January 5, 2026 at 5:27 PM IST
गढ़वा: जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र के गड़िया गांव में एक बेटे ने अपने वृद्ध पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. घटना के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया. पूरा मामला ओझा-गुणी के अंधविश्वास से जुड़ा है.
दरअसल, गढ़वा जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र के गड़िया गांव में 65 वर्षीय वृद्ध चंन्द्रिका राम की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस के अनुसार, चंन्द्रिका राम के बड़े बेटे ने ही ओझा-गुणी के अंधविश्वास के शक में टांगी कुल्हाड़ी से मारकर उनकी हत्या की है.
रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर एक टीम गठित की गई. इस टीम में भंडरिया इंस्पेक्टर सह बड़गड़ थाना प्रभारी के साथ पुलिस अवर निरीक्षक राजेश वर्मा भी थे. जिन्होंने घटना की जांच की. जिसमें पता चला कि 65 साल के चंद्रिका राम के बड़े बेटे नागेंद्र राम को अंधविश्वास के चक्कर में अपने पिता पर ओझा होने का शक था. इसी शक में रात में उन्हें अकेले सोते देखकर उसने मौके का फायदा उठाया और घर में रखी कुल्हाड़ी से उनकी हत्या कर दी.
पुलिस की कड़ी पूछताछ के बाद, आरोपी नागेंद्र राम ने अपना गुनाह स्वीकार किया. उसने बताया कि घर पर उसके बच्चे लगातार बीमार रहते थे. उसके पिता पहले ओझा-गुणी करते थे. इसी शक में आकर उसने अपने पिता की हत्या कर दी. गढ़वा पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और खून लगा जैकेट बरामद कर लिया है. आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर गढ़वा जेल भेज दिया गया है.
यह भी पढ़ें:
रहस्यमय तरीके से शख्स की गला काटकर हत्या, ओझा-गुनी के काम से जुड़े थे बुजुर्ग!
चतरा में ओझा-गुणी के आरोप में व्यक्ति की हत्या, छह आरोपी गिरफ्तार
बीमार नाबालिग लड़की का इलाज करने आया था ओझा, लेकिन उसने किया ये गंदा काम!

