पाकुड़ में पिता की धारदार हथियार से हत्या, शराबी बेटे ने दिया वारदात को अंजाम
पाकुड़ में एक बेटे ने शराब के नशे में अपने पिता की हत्या कर दी. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.

Published : May 13, 2026 at 11:15 AM IST
पाकुड़: शहरी क्षेत्र के किताझोर मोहल्ले में एक बेटे ने अपने पिता की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी. घटना बीते मंगलवार की देर रात की है. सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. इधर, शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
कहासुनी में पिता की ले ली जान
मिली जानकारी के मुताबिक बीती देर रात 60 वर्षीय दिवाकर सरदार एवं उसके पुत्र अनूप सरदार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. इस दौरान अनूप ने अपने पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गयी.
पत्नी को भी जलाने का किया था प्रयास
हत्यारोपी की पत्नी व बेटी सहित परिजनों ने बताया कि अनूप सरदार हर दिन शराब पीकर घर आता था और घर के लोगों गाली-गलौज व मारपीट किया करता था. बेटी ने बताया कि अनूप ने पहले भी अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी और घर में आग लगा दी थी. इस दौरान उसने उसे जलाने की भी कोशिश की थी.
अनूप को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएः परिजन
परिजनों ने बताया कि रात में अनूप शराब के नशे में घर आया और बेवजह अपने पिता के साथ उलझने लगा. जब उसे शांत करने का प्रयास किया गया तो उसने धारदार हथियार से अपने पिता पर वार कर उसकी हत्या कर दी. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से अनूप को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है.
हत्यारोपी से पूछताछ जारी
घटना को लेकर नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि इस मामले में हत्यारोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.
ये भी पढ़ेंः
बड़े भाई को टांगी से काटने वाला हुआ गिरफ्तार! बांस के दरवाजे पर लात मारने के बाद हुआ था विवाद
पत्नी पर ससुर की हत्या का आरोप, पुलिस की हिरासत में बहू
विवाहिता से प्रेम संबंध में हुई थी डीजे संचालक की हत्या, एक महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार

