गाजियाबाद में 13वीं मंजिल से कूदकर बेटे ने दी जान, पुलिस को घर में मिला दो दिन पुराना मां का शव
गाजियाबाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है.

Published : March 19, 2026 at 7:05 PM IST
नई दिल्ली/गाजियाबाद: राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. कवि नगर थाना क्षेत्र के महागुनपुरम सोसाइटी में 13वीं मंजिल से कूदकर 40 वर्षीय व्यक्ति ने जान दे दी है. वहीं, दूसरी तरफ उसके फ्लैट के अंदर 70 वर्षीय मां का दो दिन पुराना शव मिला है. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल, पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, मृतक का नाम राजवीर है जो महागुनपुरम के विनायक टावर में अपनी मां के साथ रहता था. जबकि, उसकी पत्नी बच्चों के साथ अलग रहती थी. हालांकि, वह अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने जाया करता था.
सहायक पुलिस आयुक्त कवि नगर सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, 19 मार्च 2026 को दोपहर करीब एक बजे थाना कविनगर को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि महागुनपुरम में एक व्यक्ति 13वीं मंजिल से कूद गया है. इस सूचना पर थाना कविनगर की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और व्यक्ति को उपचार के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
एसीपी सूर्यबली मौर्य ने आगे बताया, मृतक व्यक्ति की पहचान होने के बाद जब पुलिस उसके घर ग्राउंड फ्लोर स्थित फ्लैट पहुंची, जहां उसकी 70 वर्षीय मां रहती थीं, तो वहां फ्लैट का दरवाजा बंद मिला. साथ ही अंदर से असहनीय बदबू आ रही थी. दरवाजा खोलकर देखा तो बेड पर उसकी मां का शव पड़ा हुआ था. फिलहाल दोनों शवों को पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच जारी:
एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुला लिया गया है. मां की मौत स्वाभाविक थी या उनकी हत्या की गई है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा. पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें:

