अनुकंपा पर बीसीसीएल में नौकरी के लिए पुत्र ने करा दी पिता की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
धनबाद में हत्या के एक मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. मामले में तीन आरोपी पकड़े गए हैं.

Published : June 25, 2026 at 6:33 PM IST
धनबाद: जिले के बरोरा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे मिले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस के अनुसार शख्स की हत्या हुई थी. इस हत्याकांड की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक के बेटे ने ही रची थी.
पुलिस के मुताबिक बीसीसीएल में अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने की मंशा से बेटे ने अपने पिता की हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही हत्या में प्रयुक्त किए गए कई सामान भी बरामद किए गए हैं.
20 जून को बरामद किया गया था शव
दरअसल, बरोरा थाना क्षेत्र में 20 जून की सुबह चिटाही से बरोरा जाने वाली पीसीसी सड़क के किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पाया गया था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई थी. तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य जांच के आधार पर पुलिस ने मृत शख्स की पहचान तुलेश्वर नोनिया के रूप में की और हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
बेटा ही निकला मुख्य साजिशकर्ता
पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए, वे बेहद चौंकाने वाले थे. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मृतक के बेटे विजय नोनिया ने ही अपने पिता की हत्या की योजना बनाई थी. पुलिस के अनुसार बीसीसीएल में पिता के स्थान पर अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने के उद्देश्य से विजय नोनिया ने अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह को 10 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश रची.
गिरफ्तार आरोपियों में ये हैं शामिल
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना पत्थर, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, खून लगे कपड़े, जूते-चप्पल, गमछा और मोबाइल फोन बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों में विजय नोनिया, अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह शामिल हैं.
ये भी पढ़ें-
धनबाद में दिनदहाड़े आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या, क्लेक्शन कर लौट रहा था घर
कांची नदी किनारे बालू में दफन मिली 17 वर्षीय किशोरी की लाश, हत्या की आशंका, एक सप्ताह से थी लापता
गिरिडीह में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या, ट्रैक्टर चलवाने का करता था काम, जांच में जुटी पुलिस

