श्मशान घाट में बने लॉकर से अस्थियां चुरा ले गए चोर, परिजनों की शिकायत पर FIR दर्ज
सोलन जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां श्मशान घाट के अस्थि लॉकर से चोर एक महिला की अस्थियां चुरा ले गए.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 25, 2025 at 5:00 PM IST
सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. सोलन जिले के चंबाघाट श्मशान घाट में बने अस्थि लॉकर से एक मृत महिला की अस्थियां चोरी हो गई. एक तरफ जहां इस घटना ने इंसानियत को शर्मसार किया है. वहीं, दूसरी तरफ अस्थियां चोरी होने से मृत महिला के परिजनों का दर्द एक बार फिर ताजा हो गया है. मामले में मृतका के बेटे ने पुलिस से शिकायत की है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर लिया गया है.
मृतका के बेटे कमल पाल ने बताया, 'मां की अस्थियों को पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ गंगा में प्रवाहित किया जाना था, लेकिन उनका इस तरह से चोरी हो जाना, उनके लिए असहनीय पीड़ा है. मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी गई है. दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए'.
जानकारी के अनुसार, सोलन शहर के वार्ड नंबर-5 में रहने वाली एक महिला का करीब 10 दिन पहले निधन हो गया. अंतिम संस्कार के बाद परिजनों ने विधि-विधान के अनुसार अस्थियों को हरिद्वार ले जाकर विसर्जन करने के लिए चंबाघाट श्मशान घाट के अस्थि लॉकर में सुरक्षित रखा था. लेकिन जब परिजन आज (वीरवार) सुबह अस्थियां लेने श्मशान घाट पहुंचे तो उनके होश उड़ गए. लॉकर का ताला टूटा हुआ था और भीतर रखी अस्थियां, साथ ही पूजा में उपयोग होने वाली थाली और लोटा भी गायब थे.

एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया, 'चंबाघाट शमशानघाट में बने अस्थि लॉकर से अस्थियां चोरी होने का मामला सामने आया है. शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. श्मशान घाट के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. वहीं, यहां के स्थानीय स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है.

बता दें कि यह घटना इसलिए भी ज्यादा गंभीर है. क्योंकि चंबाघाट श्मशान घाट पहले भी विवादों में रहा है. इससे पहले यहीं एक जीवित महिला का मृत्यु प्रमाण पत्र बनने का मामला सामने आया था.
ये भी पढ़ें: 'डॉक्टर और अच्छे डॉक्टर में जमीन-आसमान का अंतर', न्यूरो सर्जन से MLA बने जनकराज की नसीहत भरी 'घुट्टी'

