ETV Bharat / state

सोलन में पलटी निजी बस, खाई में गिरने से बची, चालक समेत दो लोग घायल

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.

SOLAN BUS ACCIDENT
सलोगड़ा के पास पलटी निजी बस (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 23, 2026 at 11:06 AM IST

|

Updated : May 23, 2026 at 11:15 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सोलन: कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. सोलन से शिमला की ओर जा रही एक निजी बस सलोगड़ा के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे के समय बस में करीब 10 से 12 यात्री सवार थे. राहत की बात यह रही कि बस सड़क पर पलटने के बाद खाई की ओर नहीं लुढ़की, जिससे बड़ा जानी नुकसान होने से बच गया. दुर्घटना में चालक समेत दो लोग घायल हुए हैं, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

अचानक बिगड़ा संतुलन, सड़क पर पलटी बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही सलोगड़ा क्षेत्र में पहुंची, चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया. देखते ही देखते बस सड़क पर पलट गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस एक-दो पलटे और खाती तो वह सीधे गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया.

SOLAN BUS ACCIDENT
सलोगड़ा के पास पलटी निजी बस (ETV BHARAT)

चालक और एक यात्री घायल

हादसे में बस चालक और एक यात्री को चोटें आई हैं. दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं बस में मौजूद अन्य यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं. घटना की जानकारी मिलते ही सोलन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई. इसके साथ ही फोरलेन निर्माण कार्य से जुड़े सुरक्षा अधिकारी हिमांशु दुबे भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं यातायात बहाली के कार्य में सहयोग किया.

SOLAN BUS ACCIDENT
हादसे में चालक और एक यात्री घायल (ETV BHARAT)

क्रेन की मदद से हटाई गई बस

हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा. बाद में क्रेन की सहायता से पलटी हुई बस को सीधा किया गया और सड़क से हटाया गया. इसके बाद यातायात को सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा. सोलन के पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि सलोगड़ा के पास निजी बस पलटने की सूचना मिली थी. हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

SOLAN BUS ACCIDENT
क्रेन की मदद से हटाई गई बस (ETV BHARAT)

NH पर बढ़ रहे हादसे, स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग का सलोगड़ा-सोलन हिस्सा लगातार दुर्घटना संभावित क्षेत्र बनता जा रहा है. फोरलेन निर्माण के चलते कई जगह अस्थायी डायवर्जन, संकरी सड़कें और तीखे मोड़ वाहन चालकों के लिए चुनौती बन रहे हैं. लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में स्पीड लिमिट बोर्ड, चेतावनी संकेतक और क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.

ये भी पढ़ें: HP Board में उत्तर पुस्तिकाओं से हुई थी छेड़छाड़, फॉरेंसिक जांच में पुष्टि, जानें पूरा मामला?

ये भी पढ़ें: झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर शख्स से लूटे ₹11 लाख, पुलिस ने 2 महिला सहित तीन को किया गिरफ्तार

Last Updated : May 23, 2026 at 11:15 AM IST