ETV Bharat / state

परवाणू में युवक से मारपीट मामले में हरियाणा के 6 युवक गिरफ्तार, विवाद के पीछे रही यह वजह

सोलन पुलिस ने युवक से मारपीट मामले में 6 आरोपियों को हरियाणा से किया गिरफ्तार.

परवाणू में युवक से मारपीट मामले में 6 गिरफ्तार
परवाणू में युवक से मारपीट मामले में 6 गिरफ्तार (Solan Police)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 10, 2026 at 5:32 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सोलन: 7 जनवरी को सोलन जिला के परवाणू में एक युवक को हरियाणा के 6 से 7 युवकों ने लोहे की रॉड से बड़ी बेरहमी से पीटा. मारपीट में घायल युवक की हालत गंभीर है, उसका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है. वहीं, सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने पर सोलन पुलिस हरकत में आई और हरियाणा से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया, 'घटना के दौरान युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था. पुलिस ने मामले में गहनता से जांच की, जिसके आधार पर ईशान से मारपीट करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों की पहचान पंचकूला हरियाणा निवासी हर्षदीप सिंह, अमन निवासी, भरत भूषण, कालका निवासी निखिल चौरसिया, योगराज और चंडीगढ़ निवासी सिमरनजोत सिंह के रूप में हुई है'.

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक पर 6 से 7 युवक लोहे की रॉड और डंडे बरसा रहे हैं. वहीं, पीड़ित युवक जमीन पर पड़ा हुआ है. पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. सभी आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं.

एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने जांच के दौरान पाया कि जिस व्यक्ति के साथ मारपीट हुई उसका नाम ईशान है. वह तहसील कालका जिला पंचकूला का रहने वाला है. 7 जनवरी को ईशान अपने एक साथी के साथ कालका से टैक्सी लेकर परवाणू आया था, सवारियां उतारने के बाद वे दोनों कसौली चौक से वापस कालका की ओर जा रहे थे. इसी दौरान लगभग 6-7 लड़कों ने अचानक ईशान पर लोहे की रोड से हमला कर दिया और उसके साथ मारपीट की.

क्यों हुआ विवाद?

एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि घटना के पीछे की वजह दो गुटों के बीच आपसी रंजिश है. कालका में बस और टैक्सी ऑपरेटर्स के बीच सवारियां भरने को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है. इन दोनों गुटों के खिलाफ कालका थाने में पहले से भी मामले दर्ज हैं. इनमें से जैसे ही एक गुट को यह पता चला कि पीड़ित ईशान जो कि दूसरे गुट का था, वह परवाणू में अकेला है. ऐसे में उसके ऊपर इन लोगों ने हमला कर दिया. सोलन पुलिस मामले में सख्त कार्रवाई कर रही है.

एसपी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना परवाणू की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, वायरल वीडियो, तकनीकी एवं अन्य भौतिक साक्ष्यों का गहन एवं वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण किया गया है. वहीं, पुलिस मामले में गहनता से जांच की जा रही है.

पढ़ें: हरियाणा के युवकों की गुंडागर्दी! हिमाचल में युवक को बेरहमी से पीटा, गंभीर हालत में PGI रेफर