ETV Bharat / state

नशे के खिलाफ सोलन पुलिस सख्त, नशा तस्करी के आरोपी की 43 लाख की संपत्ति के जब्त

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सोलन पुलिस एक्शन मोड में है.

Solan police action against drug Trafficker
सोलन में नशा तस्करों के खिलाफ एक्शन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 3, 2026 at 5:28 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

सोलन: चिट्टा मुक्त हिमाचल बनाने के लिए प्रदेश सरकार विभिन्न जिलों में लगातार अभियान चला रही है. सोलन पुलिस भी लगातार नशे के खिलाफ अभियान छेड़े हुए है. इसी कड़ी में सोलन पुलिस ने नशे के अवैध व्यापार से अर्जित की गई करीब 43 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है. एक अन्य मामले में पुलिस ने अवैध शराब की कुल 130 पेटियां बरामद की हैं.

नशे के खिलाफ एक्शन में सोलन पुलिस

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त 2018 को थाना धर्मपुर पुलिस ने आरोपी धनी राम (उम्र- 62 वर्ष) निवासी जाडली के कब्जे से 736 ग्राम चरस, 82 ग्राम अफीम और नकद 1 लाख रुपए बरामद किए थे. साथ ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया था, जिस पर पुलिस थाना धर्मपुर में अभियोग संख्या 108/2018, धारा 18, 20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था.

अभियोग की जांच पूर्ण होने के बाद दिनांक 3 अप्रैल 2019 को आरोपपत्र अदालत में पेश किया गया, जो अभी विचाराधीन है. इस मामले की फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के दौरान पाया गया कि धनी राम लंबे समय से नशा तस्करी के कारोबार में संलिप्त था, जो लंबे समय से अपने क्षेत्र के तस्करों और ग्राहकों को चरस व अफीम जैसे नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा था. इतना ही नहीं, वह अपने चुनिंदा ग्राहकों को योजनाबद्ध तरीके से चरस और अफीम की सप्लाई करता था, जिससे उसने ड्रग्स के अवैध कारोबार से अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर काफी अधिक संपत्ति अर्जित की.

आरोपी की अवैध संपत्ति फ्रीज/सीज

2018 के दौरान आरोपी धनी राम ने नशे के कारोबार की अवैध कमाई से अपने पुत्रों संजीव कुमार और नीलम कुमार के नाम दो LMV गाड़ियां और एक टिप्पर खरीदे, जबकि आरोपी के पास कोई वैध व्यवसाय नहीं था. इस केस में वित्तीय जांच के दौरान आरोपी और उसके सहयोगियों द्वारा अर्जित की गई संपत्ति कुल करीब 43 लाख रुपए को अब सीज/फ्रीज कर दिया गया है.

नशे के अवैध कारोबार से करोड़ों की संपत्ति

वर्तमान में आरोपी धनी राम एक मामले (अभियोग संख्या 0061/2025) में 18 सितंबर 2025, थाना कुनिहार के तहत जेल में है, जिनमें उसके कब्जे से कुल 1.622 किलो चरस और 1.624 किलो अफीम बरामद हुई थी. इसमें भी वित्तीय जांच में पाया गया कि आरोपी धनी राम नशे के अवैध कारोबार से अपने और अपने परिजनों के नाम पर अर्जित की गई 6 करोड़ 34 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति (आलीशान मकान, रेस्टोरेंट और होम स्टे, कमर्शियल व्हीकल्स जैसे JCB और अन्य वाहन, सोने के आभूषण) और बैंक खातों में नकदी को सीज/फ्रीज करके कॉम्पोनेंट अधिकारी नई दिल्ली को भेजा गया गया था, जहां से इस अवैध संपत्ति की जब्ती को कन्फर्म करके आदेश पारित किए गए हैं.

इसके अलावा उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत चरस तस्करी का थाना अर्की में भी एक अन्य मामला दर्ज हैं. इसके अलावा उसके खिलाफ महिलाओं के प्रति क्रूरता और छेड़छाड़ के दो अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं.

ILLICIT LIQUOR RECOVERED IN SOLAN
सोलन में अवैध शराब की 130 पेटियां बरामद (ETV Bharat)

43 लाख रुपए की संपत्ति के जब्त

एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि, "सोलन पुलिस द्वारा थाना धर्मपुर में एक पुराना मामला जो वर्ष 2018 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ था, जिसमें नशा तस्करों और उनके सहयोगियों की नशे के अवैध व्यापार से अर्जित की गई संपत्ति जब्त की गई है. पिछले लगभग सवा साल में NDPS एक्ट के तहत वित्तीय जांच में सोलन पुलिस द्वारा 39 आरोपियों की 15.60 करोड़ रुपए से अधिक की चल और अचल संपत्ति जब्त की जा चुकी है. सोलन पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और नशा तस्करी को रोकने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं."

सोलन में अवैध शराब की 130 पेटियां बरामद

वहीं, एक अन्य मामले में सोलन में पुलिस थाना दाड़लाघाट की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक गाड़ी में ले जाई जा रही अवैध शराब की कुल 130 पेटियां बरामद की हैं. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस मामले में इस्तेमाल किए गए वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों को नोटिस देकर पाबंद किया गया है.

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि, "पुलिस थाना दाड़लाघाट की पुलिस टीम थाना क्षेत्र के छामला में गश्त एवं कानून-व्यवस्था ड्यूटी पर मौजूद थी. इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि राहुल और पवन कुमार नामक दो व्यक्ति एक वाहन नंबर HP-82A-4645 में अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब लेकर जा रहे हैं. सूचना पर फौरन कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा नवगांव में नाकाबंदी की गई और संदिग्ध वाहन को रोककर नियमानुसार जांच की गई. वाहन में दो व्यक्ति सवार पाए गए, जिनसे पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों राहुल और अजय कुमार मंडी जिले के रहने वाले हैं. इसके बाद जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो वाहन से कुल 130 पेटियां शराब (कुल 1560 बोतलें शराब अंग्रेजी व देसी) बरामद की गई. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिए हैं. इस पूरे मामले में आगामी जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: धर्मशाला कॉलेज की छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद वायरल वीडियो से मची खलबली, प्रोफेसर और 3 लड़कियों पर FIR दर्ज

ये भी पढ़ें: नालागढ़ ब्लास्ट मामला: बद्दी पुलिस ने Explosive Substances Act के तहत मामला किया दर्ज, NIA की भी ली जा रही मदद