वनरक्षक भर्ती पेपर लीक: अकाउंटेंट जीजा से पेपर पढ़कर साला बना फॉरेस्ट गार्ड, दोनों गिरफ्तार
इन दोनों से एसओजी को पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने और कई और गिरफ्तारियां होने की संभावना है.

Published : December 22, 2025 at 7:53 PM IST
जयपुर: वनरक्षक भर्ती-2020 परीक्षा के पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपेरशन ग्रुप (एसओजी) का एक्शन लगातार जारी है. अब एसओजी की जांच में खुलासा हुआ है कि उदयपुर व बांसवाड़ा के अलावा जयपुर में भी वनरक्षक भर्ती का पेपर लीक हुआ था. जयपुर में एक अकाउंटेंट ने अपने घर पर वनरक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को लीक पेपर पढ़वाया था. इसके बाद एसओजी ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए आरोपी अकाउंटेंट को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, लीक पेपर पढ़कर परीक्षा पास करने और नौकरी हासिल करने वाले एक वनरक्षक को भी एसओजी ने गिरफ्तार कर लिया है. दोनों साले-बहनोई है.इन दोनों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने और कई और गिरफ्तारियां होने की संभावना है.
एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि वनरक्षक भर्ती पेपर लीक मामले के पिछले दिनों गिरफ्तार मुख्य आरोपी जबराराम से पूछताछ में सामने आया कि टोडाभीम निवासी अकाउंटेंट अमन जोरवाल ने जयपुर में अपने करतारपुरा स्थित किराए के मकान पर पहली पारी के दो अभ्यर्थियों को लीक पेपर पढ़ाया था. दूसरी पारी के दो अभ्यर्थियों को लालसोट रोड पर पेपर पढ़ाया था. जिनमें एक उसका साला सौरभ कुमार मीणा भी है.
पढ़ें: एसआई भर्ती पेपर लीक: सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेज खंगाल रही है एसओजी, ऐसे दबोचे जा रहे आरोपी
जबराराम के साथी से लिया पेपर, 9.50 लाख में बेचा: एसओजी की पड़ताल में सामने आया है कि जयपुर विकास प्राधिकरण के अकाउंटेंट अमन ने जबराराम के एक सहयोगी के मार्फत लीक पेपर हासिल किया था. लीक पेपर पढ़ाने के बदले उसने चारों अभ्यर्थियों से 9.50 लाख रुपए लिए. अब एसओजी ने अमन जोरवाल और सौरभ कुमार मीणा को गिरफ्तार कर लिया है. सौरभ सवाई माधोपुर में गुढ़ा रेंज की बोदल नाका चौकी पर तैनात है. अब एसओजी उन आरोपियों को गिरफ्तार करने में लगी है. जिन्होंने अमन से पेपर पढ़ा था.

