ETV Bharat / state

हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती : डमी अभ्यर्थी बन परीक्षा देने वाला चढ़ा एसओजी के हत्थे, तीन भर्तियों में भी डमी बनकर दी परीक्षा

एसओजी मूल अभ्यर्थी को पहले कर चुकी गिरफ्तार. हाईकोर्ट ने सेवा से किया निष्कासित.

Dummy Candidate Case
आरोपी महेंद्र कुमार (Source : Rajasthan SOG)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 8, 2026 at 5:05 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती-2022 में मूल अभ्यर्थी की जगह डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा देने वाले शख्स को राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने गिरफ्तार कर लिया है. उसने तीन दूसरी भर्तियों में भी डमी अभ्यर्थी के रूप में लिखित परीक्षा दी थी. अब एसओजी के अधिकारी आरोपी से पूछताछ और अग्रिम अनुसंधान में जुटे हैं.

इस भर्ती में आरोपी को अपनी जगह डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा दिलवाने वाले मूल अभ्यर्थी को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है. डमी अभ्यर्थी बिठाकर परीक्षा पास करने के बाद वह एलडीसी के पद पर चयनित हुआ. मामला सामने आने के बाद उसे सेवा से निष्कासित कर दिया गया.

दौसा के केंद्र पर बैठा परीक्षा में : एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती-2022 की 19 मार्च 2023 को हुई परीक्षा में मूल अभ्यर्थी बृजेश कुमार मीना की जगह परीक्षा देने वाले 30 वर्षीय महेंद्र कुमार विश्नोई को गिरफ्तार किया गया है. उसने दौसा में रामकरण जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बने परीक्षा केंद्र में डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा दी थी.

पढ़ें : SI Paper Leak: मौसा संदीप लाटा से लीक पेपर लेकर दी परीक्षा, फिजिकल में हुआ फेल, चढ़ा एसओजी के हत्थे

मूल अभ्यर्थी से पूछताछ में नाम आया सामने : उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि बृजेश कुमार मीना ने अपनी जगह डमी अभ्यर्थी बिठाकर परीक्षा पास की और धोखाधड़ी कर हाईकोर्ट एलडीसी के पद पर चयनित हो गया. चयन के बाद बृजेश धौलपुर एसीजेएम कोर्ट में कार्यरत था. उसकी करतूत सामने आने के बाद कोर्ट ने उसे सेवा से निष्कासित कर दिया था. बृजेश को गिरफ्तार कर एसओजी ने पूछताछ की तो डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा देने वाले महेंद्र कुमार विश्नोई का नाम सामने आया.

तीन भर्ती परीक्षाओं में भी बैठा डमी बनकर : आईजी अजयपाल लांबा, डीआईजी भुवन भूषण यादव, एसपी कुंदन कंवरिया की मॉनिटरिंग में अनुसंधान अधिकारी एएसपी मोहेश चौधरी ने आरोपी महेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि उसने प्रवेश पत्र में हेराफेरी कर और फर्जी दस्तखत कर परीक्षा दी है.

पढ़ें : डमी अभ्यर्थी बिठाकर बनी वनपाल, SOG ने गिरफ्तार किया, रीट भर्ती में भी किया था प्रयास

पड़ताल में यह भी सामने आया है कि महेंद्र कुमार प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा-हिंदी) भर्ती-2022, वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 और वरिष्ठ अध्यापक संस्कृत शिक्षा भर्ती परीक्षा-2022 में भी डमी अभ्यर्थी बनकर बैठा था.