बर्फबारी से निखरी केदारनगरी, ठंड के बीच जमने लगा जनजीवन
लंबे इंतराल के बाद केदारनाथ धाम में बर्फबारी से खूबसूरत नजारा बना हुआ है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 4, 2026 at 6:56 AM IST
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड केदारनाथ धाम में हुई हालिया बर्फबारी के बाद केदारनगरी की भव्यता और भी बढ़ गई है. बर्फ की सफेद चादर ओढ़े धाम चांदी की तरह चमक रहा है, जो श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहा है. एक और दो जनवरी को लगातार हुई बर्फबारी से धाम की चोटियों के साथ-साथ मुख्य क्षेत्र भी बर्फ से ढकने लगा है.
केदारनाथ धाम में बढ़ी ठंड: हालांकि अभी अपेक्षाकृत कम बर्फ गिरी है, लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों में भारी बर्फबारी की संभावनाएं बढ़ गई हैं. फिलहाल धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है. बर्फबारी और अत्यधिक ठंड के कारण केदारनाथ धाम में चल रहे विभिन्न कार्यों पर भी असर पड़ा है. पैदल यात्रा मार्ग पर स्थित तालाब पूरी तरह से जम चुका है, जबकि मशीनों से होने वाले कार्य अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं.
धाम में चल रहे कार्यों पर पीएमओ की नजर: इस बीच रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि केदारनाथ धाम में कार्य अभी जारी हैं. उन्होंने कहा कि फिलहाल कम बर्फ गिरने से काम करने में सहायता मिली है और करीब 90 मजदूर धाम में तैनात हैं. मौसम अनुकूल रहने की स्थिति में आगे भी कार्य जारी रखे जाएंगे. उन्होंने यह भी बताया कि केदारनाथ धाम में चल रहे कार्यों की निगरानी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और मुख्यमंत्री स्तर से लगातार की जा रही है. एक बार फिर प्रकृति बाबा केदार के धाम का अलौकिक श्रृंगार कर रही है, वहीं प्रशासन मौसम पर लगातार नजर बनाए हुए है.
सीमांत जिलों में भी बर्फबारी: सीमांत जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्र में भी जमकर बर्फबारी हुई है. जिससे ठंड में इजाफा हो गया है. वहीं नंदा देवी, पंचाचूली और छिपला केदार की चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं. लंबे इंतजार के बाद बर्फबारी होने से लोगों और सैलानियों के चेहरे खिले हुए हैं. पिछले साल 2025 में मौसम शुष्क बना रहा और लोग बारिश और बर्फबारी का इंतजार करते हैं. नए साल में मौसम मेहरबान हुआ है, बारिश और बर्फबारी का दौर आगे भी देखने को मिल सकती है.
पढ़ें-

