हिमाचल में 6 जनवरी तक साफ रहेगा मौसम, मैदानी इलाकों में कोहरे और शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहेगा. हालांकि, मैदानी क्षेत्र में कोहरे और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 3:20 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में नये साल के पहले दिन कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी रिकॉर्ड दर्ज की गई. शिमला और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है. जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हुई, जिससे प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, आज मौसम साफ बना हुआ है. आज सुबह से ही धूप खिली रही, जिससे ठंड में राहत मिली है. मौसम विभाग में 6 जनवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है. इस दौरान निकले मैदानी इलाकों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मौसम वैज्ञानिक संदीप ने कहा, 'हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है. सोलन, कांगड़ा, हमीरपुर, चंबा, मंडी और शिमला में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई है. चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है'.
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार कसौली में सबसे अधिक 16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. जबकि कोकसर में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई. प्रदेश में आज मौसम साफ बना हुआ है. प्रदेश के मैदानी क्षेत्र सोलन के बद्दी, ऊना, बिलासपुर और सिरमौर के निचले क्षेत्र में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही शीतलहर को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, प्रदेश में 6 जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा. इस दौरान 6 जनवरी को केवल लाहौल स्पीति में ही हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा.
हिमाचल प्रदेश में इस बार नवंबर के बाद दिसंबर महीने में भी बारिश नहीं हुई. दिसंबर महीने में ये 6ठी बार सबसे कम बारिश हुई हैं. मौसम विभाग का कहना है कि 1901 के बाद 6 बार सबसे कम बारिश रिकॉर्ड की गई. इस बार 31 दिसम्बर को 1 एमएम बारिश लाहौल स्पीति में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा प्रदेश के अनेक क्षेत्र में कहीं भी बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई.
ये भी पढ़ें: कमरूनाग देवता की पवित्र झील ठंड से जमी, देव समाज में खुशी की लहर

