ETV Bharat / state

उत्तराखंड में यहां गुलदार की दो खाल और हड्डियों के साथ तस्कर गिरफ्तार, शिकार की जुटाई जा रही जानकारी

उत्तराखंड में नहीं थम रहे वन्यजीव तस्करी के मामले, नैनीताल में गुलदार की खाल और हड्डियों के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

Wildlife smuggler Arrest Nainital
गुलदार की खाल और हड्डियों के साथ एक तस्कर गिरफ्तार (फोटो सोर्स- Uttarakhand STF)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 9, 2026 at 9:56 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नैनीताल/देहरादून: नैनीताल के पैंगोट क्षेत्र से दो गुलदार की खाल और भारी मात्रा में हड्डियों के साथ एक वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार हुआ है. बरामद खालें और हड्डियां करीब 6 महीने पुरानी होने की संभावना है. बरामद खालें 7 और 6 फीट लंबी है. जबकि, हड्डियों का वजन करीब साढ़े चार किलो है. फिलहाल, एसटीएफ और वन प्रभाग की टीमें तस्कर से पूछताछ कर रही है. मामले में कई लोगों के भी शामिल होने की आशंका है.

दरअसल, उत्तराखंड एसटीएफ, नैनीताल पुलिस और नैनीताल वन प्रभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 लेपर्ड की खाल और भारी मात्रा में गुलदार की हड्डियों के साथ एक वन्यजीव तस्कर को दबोचा है. टीम को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बागेश्वर क्षेत्र से वन्यजीव अंगों की तस्करी हो रही है. जिसका इनपुट एसटीएफ के पास आया था. जिस पर एसटीएफ की एक टीम को गोपनीय रूप से कार्रवाई के लिए लगाया गया था.

बीती 8 जनवरी को एसटीएफ को सूचना मिली कि तस्कर खालों को किसी बाहर की पार्टी को बेचने के लिए नैनीताल पहुंचा है. जिस पर एसटीएफ ने 9 जनवरी को नैनीताल पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम के साथ कार्रवाई करते हुए नैनीताल नगर पालिका रेंज क्षेत्र से एक वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया. आरोपी का नाम महेश सिंह कपकोटी है, जो मूल रूप से बागेश्वर का रहने वाला है. उसके पास से दो लेपर्ड की खाल और हड्डियां बरामद हुई है.

लंबे समय से कर रहा था वन्यजीवों के अंगों की तस्करी: बताया जा रहा है कि गिरफ्तार तस्कर लंबे समय से वन्यजीव अंगों की तस्करी में लिप्त था. आरोपी के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम (वाइल्ड लाइफ एक्ट) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है. टीम आरोपी से पोचिंग कब, कहां और किस जंगल में किस तरह की गई? साथ ही इसके पीछे कौन कौन लोग हैं? उनके बारे में जानकारी जुटा रही है.

नैनीताल वन प्रभाग प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार ने बताया कि आरोपी को नैनीताल के पंगोट क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है. वो इन खालों को बेचने की फिराक में था. प्रारंभिक पूछताछ में इसके और भी साथियों की भूमिका सामने आई है, जिनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. खालें करीब 6 महीने पुरानी लग रही है. गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की समुचित धाराओं में नैनीताल की नगर पालिका फॉरेस्ट रेंज में अभियोग पंजीकृत कराया गया है.

"एसटीएफ और नैनीताल वन प्रभाग समेत नैनीताल पुलिस की संयुक्त टीम ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन को अंजाम दिया. जिसके तहत नैनीताल नगर पालिका रेंज क्षेत्र से 1 वन्यजीव तस्कर महेश सिंह कपकोटी निवासी कपकोट (बागेश्वर) को 2 लेपर्ड की खाल और हड्डियों के साथ गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार तस्कर लंबे समय से वन्यजीव अंगों की तस्करी में शामिल था."- नवनीत भुल्लर, एसएसपी एसटीएफ

ये भी पढ़ें-