बिहार में स्मैक तस्करी कर रहे भाई-बहन गिरफ्तार, 58 हजार कैश और 11 मोबाइल बरामद
कटिहार में 28 ग्राम स्मैक, कैश और 11 मोबाइल के साथ तस्कर भाई-बहन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मनीष ठाकुर की रिपोर्ट

Published : August 22, 2026 at 8:50 AM IST
कटिहार: बिहार के कटिहार जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ कटिहार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में मुफस्सिल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के आरोप में एक भाई-बहन को गिरफ्तार किया है. रामपुर गांव में हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों को पकड़ा है.
स्मैक, नकद और 11 मोबाइल फोन बरामद: तलाशी के दौरान दोनों भाई-बहन के पास से 28 ग्राम स्मैक, 58 हजार रुपये नकद और 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. एक साथ 11 मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस अब दोनों के मोबाइल कनेक्शन और कथित नशे के नेटवर्क की गहराई से जांच में जुट गई है.
भाई-बहन करते थे मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री: पुलिस के मुताबिक, मुफस्सिल थाना अध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि रामपुर गांव में अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी की. पुलिस टीम को देखते ही एक युवक और युवती भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल ने दोनों को पकड़ लिया.
पुलिस ने भाई-बहन को किया गिरफ्तार: दोनों गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय विवेकानन्द यादव उर्फ विक्रम कुमार और 26 वर्षीय डौली कुमारी के रूप में हुई है. दोनों रामपुर गांव के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस ने दोनों की तलाशी ली, जिसमें 28 ग्राम स्मैक, 11 मोबाइल फोन और 58,020 रुपये नकद बरामद किए गए.

11 मोबाइल के जांच में जुटी पुलिस: कार्रवाई के बाद पुलिस की जांच अब सिर्फ बरामद स्मैक तक सीमित नहीं है. एक साथ 11 मोबाइल फोन मिलने के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन मोबाइल का इस्तेमाल किन लोगों से संपर्क करने के लिए किया जाता था. पुलिस मोबाइल में मौजूद कॉल डिटेल, संपर्क और अन्य जानकारियों के आधार पर कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
क्या कहती है पुलिस: सदर डीएसपी विशाल आनंद ने बताया कि पुलिस को रामपुर गांव में मादक पदार्थ की तस्करी की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया गया है. दोनों की तलाशी में 28 ग्राम स्मैक, 11 मोबाइल फोन और करीब 58 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं. बरामद मोबाइल की भी जांच की जा रही है.

"पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. साथ ही दोनों आरोपियों के संपर्क में रहने वाले संदिग्ध लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों से पूछताछ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है."-विशाल आनंद, सदर डीएसपी
ये भी पढ़ें-
सूखे नशे की जद में जा रहा बिहार? 9,370 यूनिट नशीले इंजेक्शन और सांप वाली दवाइयां बरामद
पूर्णिया में 1 करोड़ का कोडिनयुक्त कफ सिरप जब्त, पद संभालते ही SP स्वीटी सहरावत का बड़ा एक्शन

