ETV Bharat / state

बरेली में पाकिस्तान के समर्थन में लगे नारे, 14 के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस कर रही तलाश

मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की भी हुई.

नारेबाजी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
नारेबाजी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 3, 2026 at 10:24 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बरेली : कैंट के सदर बाजार में कुछ युवकों द्वारा पाकिस्तान समर्थक नारे लगाए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने 14 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे, तभी उन्होंने अपने एक साथी का नाम लेते हुए पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी. मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की भी हुई.

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें कुछ युवक बाइकों पर सवार होकर नारे लगाते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई.

कैंट थाने के इंस्पेक्टर संजय धीर ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें नारेबाजी की पुष्टि हुई. इसके बाद विकास नाम के युवक की तहरीर पर पुलिस ने 14 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें कुछ युवक आपत्तिजनक नारे लगाते दिखाई दिए. सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है. मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

यह भी पढ़ें : आगरा में नया महिला अस्पताल बना नहीं, पुराना तोड़कर कर दिया छोटा, महिला मरीज और गर्भवती परेशान