स्थापना दिवस कार्यक्रम में लगा 'कांग्रेस पार्टी अमर रहे' का नारा, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की कार्यक्रम में थीं शामिल
रांची में मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की की मौजूदगी में मांडर में पार्टी स्थापना दिवस कार्यक्रम में 'कांग्रेस पार्टी अमर रहे' का नारा लगा दिया गया.

Published : December 28, 2025 at 7:11 PM IST
रांची: देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अपना 140वां स्थापना दिवस मना रही है. देशभर के विभिन्न राज्यों, जिलों, ब्लॉकों और कस्बों तक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा फहराया तथा महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी सहित अन्य दिवंगत नेताओं को याद करते हुए 'अमर रहे' के नारे लगाए.
मांडर में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के नेतृत्व में हुआ कार्यक्रम
हेमंत सरकार में कांग्रेस कोटे की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के नेतृत्व में उनके विधानसभा क्षेत्र मांडर में भी स्थापना दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया. हालांकि, एक कार्यक्रम के दौरान हुआ वाकया सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया.
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने 'कांग्रेस पार्टी अमर रहे' के नारे लगा दिए. दरअसल, कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नेता ग्रामीणों को यह बताना भूल गए कि कब यह नारा लगाना है और कब नहीं. इसलिए, कांग्रेस के दिवंगत नेताओं के नाम के साथ 'अमर रहे' के नारे लगा रही भीड़ ने जब उद्घोषक ने 'कांग्रेस पार्टी...' कहा, तो स्वतः 'अमर रहे' का नारा लगा दिया. उस समय सूबे में कांग्रेस कोटे की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की भी वहां मौजूद थीं.
क्या था पूरा वाकया?
कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम के तहत झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने विधानसभा क्षेत्र मांडर के विभिन्न पंचायतों स्थित गांवों में झंडोतोलन का कार्यक्रम आयोजित किया था. कांग्रेस का झंडा फहराने के बाद राष्ट्रगान गाया गया. इसी दौरान एक गांव में झंडा फहराने के बाद पार्टी के दिवंगत नेताओं को याद कर नारे लगाए जा रहे थे. नारों के बीच उद्घोषक ने जैसे ही 'कांग्रेस पार्टी...' कहा, तो भीड़ से 'अमर रहे' की आवाजें गूंज उठीं.
कांग्रेस नेताओं ने इसे भोली-भाली जनता की उत्साहजनित गलती बताया. उनका कहना था कि जनता 'कांग्रेस जिंदाबाद' कहना चाह रही थी, लेकिन लय में 'अमर रहे' का नारा निकल गया.
झारखंड में कांग्रेस की स्थिति
बता दें कि 2024 के विधानसभा चुनाव में झारखंड में 16 सीटों पर जीत दर्ज कर कांग्रेस तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी है. महागठबंधन में कांग्रेस कोटे से चार मंत्री हेमंत कैबिनेट में शामिल हैं. आय से अधिक संपत्ति मामले में बंधु तिर्की की सदस्यता समाप्त हो जाने के बाद उनकी बेटी नेहा शिल्पी तिर्की इस मांडर क्षेत्र का नेतृत्व कर रही हैं.
ये भी पढ़ें:
कांग्रेस स्थापना दिवस के दिन झारखंड में घर-घर पार्टी का झंडा फहराएंगे कांग्रेसी, भाजपा ने बताया नकल

