ETV Bharat / state

नैनीताल जिले में पानी की टंकी में मिला कंकाल, पिरान कलियर में 40 ढोंगी बाबा गिरफ्तार

नैनीताल जिले के रामनगर के अमोठा क्षेत्र में पानी की टंकी में कंकाल मिलने से मचा हड़कंप, पिरान कलियर क्षेत्र में कई बहुरूपिए गिरफ्तार

Fake Babas Arrest in Piran Kaliyar
पिरान कलियर में बहुरूपिए बाबा गिरफ्तार (फोटो सोर्स- Police)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 1, 2026 at 9:50 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर/रुड़की: ग्रामसभा अमोठा-पाटकोट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद पड़े पानी के टैंक में मानव कंकाल मिलने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई. साथ ही डीएनए सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है. इधर, पिरान कलियर क्षेत्र में 40 ढोंगी और बहुरूपिए बाबा गिरफ्तार हुए हैं.

दरअसल, अमोठा-पाटकोट के ग्राम प्रधान जगदीश चंद्र ने बीती 29 मई को रामनगर कोतवाली में कंकाल मिलने की सूचना दी थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू की. मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक तौर पर अनुमान जताया कि बरामद कंकाल करीब 6 महीने पुराना है. जो बंद पड़े पानी के टैंक में मिला है.

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक गणेश जोशी को मौके पर भेजा गया. पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई की और बरामद कंकाल को विधिक प्रक्रिया के तहत कब्जे में लिया. पुलिस की मानें तो कंकाल की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए सैंपलिंग की जाएगी, जिससे मृतक की पहचान और मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके.

इसके साथ ही पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है. स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. ताकि, यह पता लगाया जा सके कि बीते महीनों में किसी व्यक्ति के लापता होने या किसी संदिग्ध गतिविधि की कोई जानकारी सामने आई थी या नहीं. फिलहाल, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है.

पिरान कलियर में 40 ढोंगी बाबा गिरफ्तार, महिलाओं-युवाओं को बनाते थे निशाना: हरिद्वार जिले की पिरान कलियर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने ऑपरेशन कालनेमि के तहत संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ अभियान चलाकर 40 कथित बाबाओं को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए ढोंगी बाबा अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं. पुलिस ने सभी आरोपी बाबाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें चालान कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है.

Fake Babas Arrest in Piran Kaliyar
पिरान कलियर में 40 ढोंगी बाबा गिरफ्तार (फोटो सोर्स- Police)

दरअसल, पिरान कलियर थाना पुलिस ने 1 जून को विश्व प्रसिद्ध दरगाह शरीफ के आसपास बनी सरायों, रेन बसेरा, टीन शैड और अन्य जगहों पर सत्यापन अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस टीम ने ऐसे 40 व्यक्तियों को चिन्हित किया, जिन्होंने तांत्रिक आदि का छद्म वेश धारण किया था. जो आम लोगों (विशेषकर महिलाओं और युवाओं) को भ्रमित करने का काम कर रहे थे.

आरोपी उनकी व्यक्तिगत/घरेलू समस्याओं का निदान करने का झूठा भरोसा दिलाकर पैसे ऐंठने का काम कर रहे थे. ऐसे में पुलिस टीम ने मौके पर सभी का सत्यापन किया, लेकिन उनके दस्तावेज और गतिविधियां संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद पुलिस टीम चिन्हित किए गए व्यक्तियों को थाने ले गई और उनसे पूछताछ की. जिसके बाद पुलिस ने सभी ढोंगी बाबाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की.

"ऑपरेशन कालनेमि के तहत पिरान कलियर क्षेत्र से 40 फर्जी बाबाओं को हिरासत में लिया गया है. सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है. क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे."- शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात

बता दें कि पिरान कलियर में स्थित साबिर पाक की विश्व प्रसिद्ध दरगाह मौजूद है, जहां पर देश ही नहीं विदेशों से भी भारी संख्या में जायरीन अपनी मुरादें लेकर दरगाह में हाजरी लगाने के लिए पहुंचते हैं. पिरान कलियर क्षेत्र से पुलिस और इंटेलिजेंस की टीम पहले कई बांग्लादेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार कर चुकी है. हालांकि, पुलिस और प्रशासन कलियर क्षेत्र में अपनी निगाहें जमाए रखता है. साथ ही लगातार कार्रवाई भी की जाती है.

ये भी पढ़ें-