SJVN के नाम एक और बड़ी उपलब्धि, बीकानेर सोलर पावर प्रोजेक्ट का व्यावसायिक संचालन शुरू
बीकानेर सोलर पावर प्रोजेक्ट का व्यवसायिक संचालन शुरू होने से 3 राज्यों को किफायती दामों पर ग्रीन एनर्जी मिलेगी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 25, 2025 at 6:43 PM IST
|Updated : December 25, 2025 at 10:07 PM IST
शिमला: भारत सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार के संयुक्त उपक्रम SJVN लिमिटेड के खाते एक और उपलब्धि जुड़ गई है. बुधवार से SJVN ने 1000 मेगावाट क्षमता वाले बीकानेर सोलर पावर प्रोजेक्ट का व्यवसायिक संचालन शुरू कर दिया है. देश में ग्रीन एनर्जी पर निर्भरता बढ़ने की दिशा में ये उपलब्धि बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इस परियोजना से देश के 3 राज्यों को किफायती दामों पर ग्रीन एनर्जी उपलब्ध होगी. SJVN लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने इस मौके पर SJVN के सभी कर्मचारियों को बधाई दी है.

इन राज्यों को मिलेगी ग्रीन एनर्जी
राजस्थान के बीकानेर जिले में बना 1000 मेगावाट क्षमता वाला यह सोलर पावर प्रोजेक्ट बिना प्रदूषण बिजली की जरूरत को पूरा करने के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता है. इस सोलर पावर प्रोजेक्ट का निर्माण और संचालन SJVN के स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एसजेवीएन ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (SGEL) कर रही है.

SJVN लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने कहा, 'परियोजना अपने संचालन के पहले वर्ष में 2,454.55 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन करेगी. प्रोजेक्ट से 25 वर्षों में लगभग 56,838 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन होगा. अधिकतम उपयोग शुल्क ₹2.57 प्रति यूनिट निर्धारित किया गया है. इससे उपभोक्ताओं को किफायती दाम पर हरित ऊर्जा उपलब्ध होगी. प्रोजेक्ट से राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड राज्यों की ग्रीन एनर्जी उपलब्ध होगी'.
5,492 करोड़ की लागत से विकसित हुई परियोजना
यह परियोजना राजस्थान के बीकानेर जिले के बांदरवाला गांव के निकट 5,000 एकड़ की पूर्ण रूप से खरीदी गई भूमि पर विकसित की गई है. SJVN के वित्त निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने बताया, '5 हजार 492 करोड़ की लागत से परियोजना को विकसित किया गया है. प्रोजेक्ट को DCR मोड पर विकसित किया गया है. यानी प्रोजेक्ट विकसित करने के लिए स्वदेशी उपकरण और मैटीरियल इस्तेमाल किए गए हैं. इसमें देश में निर्मित सोलर फोटोवोल्टिक सेल एवं मॉड्यूल का उपयोग किया गया है. इससे ‘मेक इन इंडिया’ पहल को बढ़ावा मिलेगा. स्वच्छ ऊर्जा की आपूर्ति के साथ-साथ यह परियोजना अनुमानित रूप से 27,85,077 टन कार्बन उत्सर्जन में भी कमी लाएगी'.
2023 में राष्ट्रपति ने किया था परियोजना का शिलान्यास
3 जनवरी 2023 को राजस्थान के जयपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने में इस परियोजना का शिलान्यास किया था. 1000 मेगावाट बीकानेर सोलर पावर प्रोजेक्ट को नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय भारत सरकार की केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम (सीपीएसयू) योजना के अंतर्गत विकसित किया गया है। डीसीआर मोड पर परियोजना को विकसित करने से स्वदेशी सौर विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को और अधिक प्रोत्साहन प्रदान करेगा.
ये भी पढ़ें: IIT मंडी में AI और डेटा साइंस में होगी MBA, ऐसे करें आवेदन

