गिरिडीह गोलीकांड का छठा आरोपी गिरफ्तार, एसपी ने कहा-अशांति फैलाने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
गिरिडीह में गोलीकांड की घटना शामिल छठे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. निकाय चुनाव के दौरान फायरिंग हुई थी.

Published : February 26, 2026 at 9:10 PM IST
गिरिडीह: वार्ड संख्या 18 के बूथ संख्या 18/3 उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर के समीप 23 फरवरी को हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने छठे आरोपी हर्ष श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया है. हर्ष ऊर्फ टुसु झींझरी मुहल्ला का रहनेवाला है और उसकी गिरफ्तारी ताराटांड़ थाना इलाके के बुटबरिया के समीप से की गई है.
हर्ष की गिरफ्तारी एसपी डॉ. बिमल कुमार को मिली सूचना पर एसआईटी ने की है. गुरुवार को एसपी ने स्वयं गिरफ्तारी की जानकारी दी. एसपी ने बताया कि गोलीकांड में पांच आरोपियों को जेल भेजने के बाद से पुलिस लगातार अन्य आरोपियों को खोज रही थी.इस बीच हर्ष के संदर्भ में जानकारी मिली तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
एसपी ने बताया कि हर्ष के खिलाफ नगर थाना में पूर्व से एक कांड दर्ज है. गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर उसके द्वारा फायरिंग में प्रयुक्त हथियार एक 7.65 एमएम का पिस्टल और एक 7.65 एमएम का जिंदा गोली भी बरामद किया गया है. जबकि फायरिंग स्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है.
चार टीम जुटी है छापेमारी में
एसपी ने बताया निकाय चुनाव के पश्चात हुई हिंसक घटना की संवदेनशीलता को देखते हुए कांड के जल्द से जल्द उद्भेदन के लिए एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था. इसी एसआईटी की चार अलग-अलग टीम लगातार कार्रवाई में जुटी है और छापेमारी जारी है.
दूसरे मामलों में भी होगी कार्रवाईः एसपी
प्रेस वार्ता में दरमियान पत्रकारों ने शिवम श्रीवास्तव के परिजनों द्वारा राजू खान पर लगाए आरोपों और मॉब लीचिंग के प्रयास मामले पर अभी तक हुई कार्रवाई पर भी सवाल किया. इसपर एसपी ने साफ कहा जो भी मामले सामने आए हैं सभी मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. चूंकि पहले पुलिस विधि-व्यवस्था को चुनौती के तौर देखती है. आगे हर मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर हो रही है. उन्होंने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. एसपी ने यह भी कहा कि शहर की शांत भंग करने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा.
ये भी पढ़ें-
गिरिडीह गोलीकांड: आरोपी शिवम अंडाल एयरपोर्ट से गिरफ्तार, विदेश भागने की फिराक में था
मतदान के बाद हुए गोलीकांड का आरोपी शिवम श्रीवास्तव समेत पांच गिरफ्तार, देसी पिस्टल के कारतूस बरामद
गिरिडीह गोलीकांड की जांच कर रही है एसआईटी, पुलिस द्वारा की गई रातभर छापेमारी

