ETV Bharat / state

क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट के जरिए ठगी करने वाले 6 साइबर ठग गिरफ्तार, बैंक कर्मचारी बनकर देते थे झांसा

गुरुग्राम पुलिस ने 6 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. आरोपी क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट के जरिए ठगी की वारदात को अंजाम देते थे.

Cyber fraudster arrested in Gurugram
Cyber fraudster arrested in Gurugram (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : July 2, 2026 at 8:41 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

गुरुग्राम: साइबर अपराध पश्चिम थाना टीम ने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट बकाया बिल में समायोजित कराने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 3 मोटोरोला वॉकी-टॉकी सेट, एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट समायोजन से जुड़ी स्क्रिप्ट के दो पेज और क्रेडिट कार्ड उपभोक्ताओं का विवरण वाले चार पेज बरामद किए गए हैं.

गुरुग्राम में 6 साइबर ठग गिरफ्तार: पुलिस के अनुसार, एक पीड़ित ने थाना साइबर अपराध पश्चिम में शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताकर फोन किया और क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट बकाया बिल में समायोजित कर छूट दिलाने का झांसा देकर उसके खाते से 83,305 रुपये की ठगी कर ली. शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया.

क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट के जरिए ठगी करने वाले 6 साइबर ठग गिरफ्तार (ETV Bharat)

बैंक कर्मचारी बताकर करते थे कॉल: आरोपियों की पहचान फरमान, सत्य प्रकाश, नरेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, विनोद और आसिफ के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सत्य प्रकाश सिम जारी करने वाला पीओएस एजेंट है. उसने फरमान के नाम से सिम जारी कर उसे अपने साथियों तक पहुंचाया. इसके बाद नरेंद्र, अरविंद, विनोद और आसिफ उसी सिम का इस्तेमाल कर खुद को बैंक कर्मचारी बताकर लोगों को कॉल करते थे और रिवॉर्ड प्वाइंट एडजस्ट कराने का लालच देकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे.

आरोपियों से पूछताछ जारी: साइबर क्राइम एसीपी गौरव फोगाट ने कहा कि "फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे अन्य साइबर ठगी के मामलों में भी शामिल रहे हैं या नहीं. मामले की जांच जारी है."

ये भी पढ़ें- गुरुग्राम पुलिस ने साइबर ठग गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, 3 बिहार और 2 उत्तर प्रदेश के निवासी