कैदी को लेकर लौट रही थी बिहार पुलिस, यूपी में बस पलटी.. सिवान के दरोगा की मौत
सिवान एसपी पूरन कुमार झा ने हादसे की पुष्टि की है. वहीं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है. पढ़ें

Published : May 26, 2026 at 12:12 PM IST
सिवान: बिहार के सिवान के दरोगा रामचंद्र राम और एक कैदी की यूपी के उन्नाव सड़क हादसे में मौत हो गई है. घटना लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह हुई. श्री सरोज ट्रैवल्स की स्लीपर बस में करीब 45 यात्री सवार थे. बताया जाता है कि पुलिस की टीम कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के बाद वापस लौट रही थी. हादसे में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
SI की मौत से पुलिस महकमे में शोक: उन्नाव हादसे में सिवान के दरोगा रामचंद्र राम के मौत की खबर के बार पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है. उनके सहकर्मियों ने बताया कि वे सिवान पुलिस लाइन में तैनात थे. कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाने जाते थे. वहीं, परिवार और सहकर्मियों पर गहरा दुख छा गया है. बिहार पुलिस के कई अधिकारी और कर्मचारी घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों से संपर्क में हैं. घायल सिपाही की हालत की भी चिंता जताई जा रही है.

लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस: सुबह करीब छह बजे निंभाखेड़ा के पास बस का पिछला हिस्सा अंडरपास के कंक्रीट डिवाइडर से टकराया. इसके बाद बस बाईं ओर खिसकते हुए एल्यूमिनियम गार्ड तोड़ती हुई भारी वाहन लेन में पलट गई. हादसे के करीब 10 मिनट बाद स्थानीय पुलिस पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. घायलों को सीएचसी भेजा गया जहां दारोगा रामचंद्र राम और कैदी हरियाणा निवासी कैदी छत्रपाल को मृत घोषित कर दिया गया.
बिहार के दरोगा-कैदी समेत कई की मौत: मृतकों में सिवान के दारोगा रामचंद्र राम, हरियाणा का कैदी छत्रपाल, गोरखपुर के सुरेश जायसवाल, विजेशी गुप्ता, विजय कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं. दारोगा रामचंद्र राम मंडल कारा के कैदी छत्रपाल को दिल्ली के गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के बाद बस से वापस लौट रहे थे. उनके साथ तीन सिपाही भी घायल है.

हत्याकांड में आरोपी था कैदी: मृत कैदी की पहचान छत्रसाल सिंह तोमर उर्फ छत्रपाल सी. तोमर के रूप में हुई है, जो ग्राइल सिंह तोमर का पुत्र बताया जा रहा है. वर्ष 2023 में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवा इलाके में जिला परिषद सदस्य रहे विक्की पाठक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मृत कैदी उसी चर्चित हत्याकांड में आरोपी बताया जा रहा था. वह सिवान मंडल कारा में बंद था और किसी अन्य मामले में 23 तारीख को पेशी के लिए गुरुग्राम ले जाया गया था.
हादसे की सिवान एसपी ने की पुष्टि: सिवान पुलिस की टीम कैदी के बयान दर्ज कराने दिल्ली गई थी. एसपी पूरन कुमार झा ने पुष्टि की कि हादसे में पुलिस लाइन के दरोगा रामचंद्र राम की मौत हुई है. वहीं इस घटना में अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. उन्नाव जिला प्रशासन से घायलों के बेहतर इलाज के लिए संपर्क किया जा रहा है.

"मंडल कारा के कैदी को गुरुग्राम के कोर्ट में पेशी कराकर पुलिस टीम बस से वापस लौट रही थी. इस दौरान सड़क हादसे में पुलिस लाइन में तैनात दारोगा रामचंद्र राम और कैदी की मौत हो गई है. अन्य पुलिसकर्मी भी इस घटना में घायल हुए हैं." - पूरन कुमार झा, एसपी, सिवान
सीएम सम्राट चौधरी ने जताया शोक: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर ट्वीट कर हादसे पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने लिखा, “उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों की मौत काफी दुखद है. मैं दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.”
उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों की मृत्यु अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। मैं दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 26, 2026
ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्य आत्माओं को…
ये भी पढ़ें-
बिहार में NH-531 एक बार फिर भीषण सड़क हादसा, ट्रक-ऑटो की टक्कर में तीन लोगों की मौत
NH-531 पर बड़ा हादसा, ट्रक और पिकअप की भीषण टक्कर में 3 लोगों की मौत

