ETV Bharat / state

सिरसा में युवक पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से किया वार, बाइक लेकर फरार हुए आरोपी

रानियां में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर तेजधार वाले हथियार से बदमाशों ने हमला कर दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Sirsa Rania Attack Youth Injured in Sharp Weapon
सिरसा में युवक पर जानलेवा हमला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 14, 2026 at 3:49 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरसा: जिले के रानियां क्षेत्र में एक युवक पर तेजधार हथियारों और लाठियों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित के मुताबिक यह वारदात उस समय हुई जब युवक एक पैलेस से दूसरे पैलेस में काम करने जा रहा था. रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने उसे घेरकर हमला कर दिया. घायल युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई.

पीड़ित की पहचान और पेशा: घायल युवक की पहचान रानियां शहर के वार्ड नंबर 15 निवासी 20 वर्षीय आकाशदीप के रूप में हुई है. वह शादी समारोहों में कैटरिंग का काम करता है. घटना के समय वह रानियां-जीवननगर रोड पर स्थित एक पैलेस में काम खत्म कर दूसरे पैलेस में जा रहा था. इसी दौरान दो से तीन युवकों ने उसे बीच रास्ते में रोक लिया.

पहले की गई रैकी, फिर हमला: पीड़ित आकाशदीप ने बताया कि, "हमलावरों ने पहले उसकी रैकी की थी. जैसे ही वह सुनसान रास्ते पर पहुंचा, आरोपियों ने उसकी बाइक को टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया. इसके बाद लाठियों और डंडों से उसकी पीठ पर ताबड़तोड़ वार किए गए. हमलावरों के पास तेजधार हथियार भी मौजूद थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई."

धारदार हथियार से किया वार (ETV Bharat)

जान बचाने के लिए फैक्टरी में घुसा: हमले के दौरान जान बचाने के लिए आकाशदीप पास ही बनी एक फैक्टरी में घुस गया. वहां से दीवार फांदकर वह खेतों के रास्ते भागता हुआ दूसरे पैलेस तक पहुंचा. इस दौरान भी हमलावर उसका पीछा करते रहे. घायल अवस्था में वह किसी तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंच पाया.

आरोपी बाइक लेकर फरार: हमले के बाद आरोपी युवक की बाइक लेकर मौके से फरार हो गए. पीड़ित के मुताबिक तीनों हमलावर रानियां के सच्चा सौदा मोहल्ले के रहने वाले हैं. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह: पीड़ित ने बताया कि आरोपियों से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है. कुछ समय पहले किसी बात को लेकर बहस और गाली-गलौच हुई थी, जिसके बाद से आरोपी लगातार उसे निशाना बना रहे थे. उसने पहले भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन बावजूद इसके हमलावरों के हौसले बुलंद रहे.

मां ने जताया जान का खतरा: पीड़ित आकाशदीप की मां ने बताया कि, "मेरे बेटे पर पहले भी कई बार जानलेवा हमले हो चुका है. 22 जनवरी 2026 को भी गोदाम के अंदर उसे घेरकर धमकाया गया था, जिसकी शिकायत थाने में दी गई थी. हमने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि मेरे बेटे की जान सुरक्षित रह सके."

पुलिस जांच में जुटी: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. अधिकारियों ने पीड़ित के बयान दर्ज किए हैं और आसपास के क्षेत्र में जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी. वहीं, रानियां क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. लोग कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं.

ये भी पढ़ें:रोहतक में डबल मर्डर, लड़की भगाने के शक में 2 सगे भाइयों की हत्या, सिर-मुंह को बुरी तरह कुचला