ETV Bharat / state

सिरसा में ज्वेलर्स की आड़ में नशे का कारोबार, पुलिस ने बरामद की 10 लाख रुपये की नशीली दवाइयां

ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत सिरसा पुलिस ने 44360 नशीली गोलियों और कैप्सूल का जखीरा बरामद किया है.

Operation Hotspot Domination
ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 17, 2025 at 2:19 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरसाः ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन अभियान के तहत सिरसा पुलिस जहां नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है. पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि बीती रात्रि जिला की एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस और ड्रग्स कंट्रोलर विभाग की संयुक्त टीमों ने नागोकी गांव में बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने ज्वैलर्स का काम करने वाले नागोकी गांव निवासी मोहन लाल पुत्र मुलख राज के घर पर दबिश देकर करीब 10 लाख रुपए की 44360 नशीली गोलियां और कैप्सूल का जखीरा बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है."

ज्वेलर्स की आड़ में नशीली दवाइयां बेचने का धंधाः पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि "एंटी नारकोटिक्स की एक पुलिस टीम गश्त के दौरान बड़ागुढा थाना क्षेत्र के गांव नागोकी में मौजूद थी. इस दौरान पुलिस पार्टी को महत्वपूर्ण सूचना मिली की गांव में मोहन लाल पुत्र मुलख राज ज्वेलर्स की दुकान करता है. वह दुकान की आड़ में नशीली दवाइयां बेचने का धंधा करता है. सूचना के आधार पर नारकोटिक्स सेल की पुलिस टीम ने ड्रग्स कंट्रोलर विभाग के अधिकारी से संपर्क कर गांव नागोकी में ज्वैलर्स के घर पर दबिश देकर आरोपी मोहन लाल पुत्र मुलख राज निवासी गांव नागोकी को काबू कर उसके घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान घर से 22760 नशीली गोलियां और 21600 नशीले कैप्सूल बरामद हुए हैं."

आगे की कार्रवाई ड्रग कंट्रोलर विभाग करेगीः पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि "नशीली गोलियों और कैप्सूलों को आरोपी मोहन लाल के कब्जे से लेकर आगामी कार्रवाई के लिए लिए ड्रग कंट्रोलर विभाग के ऑफिसर सुनील कुमार और केशव वशिष्ठ के हवाले किया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई ड्रग कंट्रोलर विभाग की टमी ही करेगा."

'हेरोइन अफीम और चूरा पोस्त की सप्लाई में कमी': पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया है कि "सिरसा पुलिस ने जब से हेरोइन अफीम चूरा पोस्त इत्यादि नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसा है तब से नशा तस्करों ने मेडिकल नशे का कारोबार करने का रास्ता अपनाया है. जिला पुलिस की मादक पदार्थ तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की वजह से हेरोइन अफीम और चूरा पोस्त जैसे नशे की सप्लाई में कमी आई है. इसलिए मेडिकल नशे का प्रचलन बढा है, क्योंकि मेडिकल नशा जल्द और आसानी से उपलब्ध हो जाता है."

युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील: पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि "सिरसा पुलिस द्वारा जहां नशा तस्करों पर कार्रवाई की जा रही है. वहीं युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए लगातार जागरूक भी किया जा रहा है. यदि किसी कारण वश युवा किसी भी प्रकार के नशे से ग्रस्त हो गया है तो परिजन नशे से पीड़ित व्यक्ति की सूचना पुलिस को दें. ताकि नशे से पीड़ित का स्थानीय प्रशासन के सहयोग से इलाज करवाकर उसे फिर से समाज की मुख्यधारा में शामिल किया जा सके."

'मेडिकल स्टोर पर पैनी नजर रखें': पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि "सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने थाना क्षेत्रों में स्थित मेडिकल स्टोर पर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से पैनी नजर रखें. नशीली और प्रतिबंधित दवाइयां बेचने में अगर किसी भी मेडिकल स्टोर संचालक की संलिप्ता पाई जाती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें."

नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें: उन्होंने मेडिकल संचालकों को भी हिदायत दी है कि "सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें. किसी भी सूरत में नशीली दवाइयां ने बेचें. आमजन से भी आह्वान है कि विभिन्न प्रकार का नशा बेचने वालों के बारे में निसंकोच होकर पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे लोगों कड़ी कानूनी कार्रवाई करें."

ये भी पढ़ें-हरियाणा में बढ़ते क्राइम पर लगाम लगाने की चुनौती, विपक्ष के सवालों के बीच ऑपरेशन ट्रैक डाउन के बाद ‘ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन’ जारी