ETV Bharat / state

सिरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पंजाब की बच्चा गैंग का कुख्यात गैंगस्टर दो साथियों समेत गिरफ्तार, 3 पिस्तौल, 81 कारतूस और 6 लाख की नकदी बरामद

सिरसा पुलिस ने बच्चा गैंग के कुख्यात गैंगस्टर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार, कारतूस और छह लाख रुपये बरामद किए हैं.

NOTORIOUS BACCHA GANGSTER ARRESTS
सिरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : July 1, 2026 at 10:40 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरसा: सीआईए सिरसा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब की कुख्यात बच्चा गैंग के सक्रिय गैंगस्टर को उसके दो साथियों सहित गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, 81 जिंदा कारतूस और छह लाख रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद की है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे.

गुप्त सूचना पर की गई घेराबंदी: मीडिया से बातचीत के दौरान डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि, "पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डबवाली रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक फॉर्च्यूनर गाड़ी (HR-22M-0014) में सवार तीन युवक अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को काबू कर लिया."

पंजाब की बच्चा गैंग का कुख्यात गैंगस्टर दो साथियों समेत गिरफ्तार (ETV Bharat)

तलाशी में हथियार और नकदी बरामद: डीएसपी ने बताया कि, "पुलिस ने आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, 81 जिंदा कारतूस और छह लाख रुपये की नकदी बरामद की. बरामद नकदी के स्रोत की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है."

40 मामलों का आरोपी निकला गैंगस्टर: पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव शर्मा उर्फ गोरू बच्चा निवासी लुधियाना (पंजाब), विकास देहड़ निवासी जोड़कियां (सिरसा) और अंकुश निवासी मंगाली (हिसार) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार गौरव शर्मा उर्फ गोरू बच्चा पंजाब की बच्चा गैंग का सक्रिय सदस्य है. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती और धमकी जैसे करीब 40 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह पिछले 13 वर्षों से पंजाब की जेल में बंद था और फिलहाल पैरोल पर बाहर आया हुआ था.

रिमांड में होंगे कई बड़े खुलासे: डीएसपी सुखबीर सिंह ने आगे कहा कि, "प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे. तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा. रिमांड के दौरान हथियारों की सप्लाई चेन, बरामद नकदी के स्रोत, गैंग के अन्य सदस्यों और संभावित आपराधिक साजिश के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी. मामले में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है और अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है."

ये भी पढ़ें: करनाल बीबीपुर जाटान में युवक पर जानलेवा हमला, सीसीटीवी में कैद वारदात, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों का हंगामा