सिरसा जेल वार्डन ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद, DSP समेत दो अधिकारियों पर गंभीर आरोप, परिजनों का हंगामा
Sirsa jail warden suicide: हरियाणा की सिरसा जिला जेल के वार्डन सुखदेव सिंह ने आत्महत्या कर ली. 2 सुसाइड नोट बरामद.

Published : January 2, 2026 at 7:33 PM IST
सिरसा: हरियाणा की सिरसा जिला जेल के वार्डन सुखदेव सिंह ने आत्महत्या कर ली. मरने से पहले वार्डन ने 2 सुसाइड नोट भी छोड़े हैं. जिसमें उन्होंने DSP समेत 2 अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. जेल वार्डन ने लिखा "मुझे ड्यूटी लगाने को लेकर इन्होंने मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का दबाव बनाया." इसी तनाव को लेकर जेल वार्डन ने आत्महत्या कर ली. इसके बाद जेल वार्डन के परिजनों ने सिरसा पुलिस पर इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है.
सिरसा जेल वार्डन ने किया सुसाइड: मृतक के परिजनों ने जेल के डीएसपी सहित 2 अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. परिजनों का आरोप है कि इस मामले में सिरसा पुलिस ने अभी तक आरोपी अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की. जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वो शव नहीं लेंगे.
सुसाइड नोट में पुलिस अधिकारियों पर आरोप: परिजनों ने बताया कि सुसाइड से पहले वार्डन ने अपने बेटे को फोन भी किया. उसने कहा कि "दोनों अधिकारियों की प्रताड़ना से तंग आकर मैं जहरीला पदार्थ खा रहा हूं. मेरे बैग में जेल महानिदेशक और जेल सुपरिटेंडेंट के नाम लिखा सुसाइड नोट रखा है. मैं इन दरिंदों से हार गया. अपना और मां का ख्याल रखना." वार्डन के परिवार ने हुडा चौकी में दोनों अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दी है.
सुसाइड से पहले बेटे को किया फोन: मृतक जेल वार्डन सुखदेव के बेटे जसपाल ने बताया कि "गुरुवार शाम 5 बजे मेरे पास पिता का फोन आया. तब उन्होंने जहरीला पदार्थ निगल लिया था. उन्होंने DSP और LO को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया. मैं अपने परिवार के साथ एक घंटे में मौके पर पहुंच गया. पहले पिता को हम सिविल अस्पताल ले गए. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राइवेट अस्पताल में ले गए. रात को उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई."
जातिसूचक गालियां देने का आरोप: सुखदेव के बेटे ने आरोप लगाया कि इसके बाद पिता को जातिसूचक गालियां दी गई. इसलिए पिता ने ये कदम उठाया. जसपाल ने कहा दोनों अधिकारी उन्हें बहुत परेशान कर रहे थे. "मेरे पिता हार्ट पेशेंट थे. उन्हें 2 स्टंट डले हुए थे. इसके बाद भी उन्हें लगातार परेशान किया गया था."
जेल सुपरिंटेंडेंट बोले- डीएसपी ड्यूटी पर नहीं: सिरसा जेल सुपरिंटेंडेंट जसवंत सिंह ने कहा कि "हमारे एक कर्मचारी ने सुसाइड किया है. ये घटना बेहद दुखद है. इसका जो कारण है, वो जांच के बाद ही पता लग पाएगा. जिन अधिकारियों पर जातिसूचक गालियां देने के आरोप लगे हैं, वो मेरे सामने नहीं आए. सुखदेव ने माफी मांगी थी, मैंने माफ कर दिया था. 31 को उसका अल्कोहल का टेस्ट कराया गया था. इसके बाद सुखदेव की सेहत ठीक नहीं लगने पर LO ने उसे जॉइन नहीं कराया होगा. डीएसपी अभी ड्यूटी पर नहीं है. मैंने उनसे संपर्क किया था, उनका मोबाइल बंद है."
एसपी बोले- अधिकारियों पर कार्रवाई होगी: सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने कहा कि "जेल वार्डन के सुसाइड नोट में जिन-जिन अधिकारियों के नाम हैं, उन पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी."

