ETV Bharat / state

बिगड़ती कानून व्यवस्था पर बिंदल ने सरकार को घेरा, कहा: वन माफिया का अधिकारी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटना चिंताजनक

राजीव बिंदल ने बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा. नाहन-पांवटा में बढ़ती चोरियों, अवैध खनन, बेलगाम टिप्परों और वन माफिया पर जताई चिंता.

डॉ. राजीव बिंदल ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल
डॉ. राजीव बिंदल ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 22, 2026 at 4:05 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नाहन: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सिरमौर जिला में कानून व्यवस्था पर प्रदेश सरकार और प्रशासन को घेरा. उन्होंने कहा कि नाहन और पांवटा साहिब के आसपास लगातार हो रही चोरियों ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. दिनदहाड़े घरों में घुसकर नकदी और गहने चोरी किए जा रहे हैं. छोटे वाहनों को चोरी, गाड़ियों के टायर खोलकर ले जाना आम बात हो गई है. इन घटनाओं को कहीं न कहीं नशे के बढ़ते प्रचलन से जोड़कर भी देखना आवश्यक है.

डॉ. बिंदल ने कहा कि पांवटा साहिब से कालाअंब तक सड़क पर सैकड़ों टिप्पर जिस तरीके से दौड़ रहे हैं, उससे यातायात व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. कई वाहनों के नंबर प्लेट तक स्पष्ट नहीं होते. यह भी पता नहीं चलता कि माल कहां से आ रहा है और कहां जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे हाईवे को आवागमन के लिए असुरक्षित बना दिया गया है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. इसके बावजूद प्रशासन और प्रदेश सरकार इस गंभीर समस्या के प्रति रत्ती भर गंभीर दिखाई नहीं देती.

'पिछले दो वर्षों से उजागर हो रहा मुद्दा'

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि टिप्परों की अनियंत्रित आवाजाही और इससे पैदा हो रही समस्याओं को लेकर पिछले दो वर्षों से लगातार आवाज उठाई जाती रही है, लेकिन सरकार ने इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस नेता के संरक्षण में यह सब चल रहा है और प्रशासन इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने में क्यों विफल है.

कानून व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

डॉ. बिंदल ने पांवटा साहिब क्षेत्र में वन विभाग के अधिकारी के साथ कथित मारपीट की घटना पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि जंगल काटो वन माफिया का अधिकारी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा जाना कानून व्यवस्था की स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है. बॉर्डर जिला में इस प्रकार की घटना होना अपने आप में चिंताजनक है.

सरकार और प्रशासन तत्काल लें गंभीर संज्ञान

डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से सिरमौर में बढ़ती चोरी, नशे से जुड़े अपराध, अवैध गतिविधियों, बेलगाम टिप्परों और वन माफिया पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में एक लाख से अधिक सरकारी पद खाली, शिक्षा और PWD में कर्मचारियों की भारी कमी