ETV Bharat / state

हिमाचल में नदी में फंसे बुजुर्ग को MI-17 से किया गया एयरलिफ्ट, युवक को भी सुरक्षित निकाला

कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन. बुजुर्ग को सहारनपुर आर्मी अस्पताल में कराया भर्ती. सीएम सुक्खू ने युवक से की बात.

रूण नदी में फंसे बुजुर्ग को किया गया रेस्क्यू
रूण नदी में फंसे बुजुर्ग को किया गया रेस्क्यू (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : September 1, 2026 at 10:58 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मंगलवार को मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. नाहन विकासखंड की बर्मा पापड़ी पंचायत में रूण नदी का जलस्तर बढ़ने से तेज बहाव में फंसे बुजुर्ग बनारसी दास को सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट किया गया. वहीं, बुजुर्ग को बचाने के लिए नदी में उतरा युवक अंशुल भी कई घंटे तक नदी के बीच फंसा रहा, जिसे बाद में रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

बुजुर्ग को बचाने नदी में उतरा युवक भी फंसा

जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम रूण नदी में जलस्तर अचानक बढ़ गया और बर्मा पापड़ी निवासी बनारसी दास नदी के बीच फंस गए. सूचना मिलते ही प्रशासन, दमकल विभाग और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा. नदी का बहाव इतना तेज था कि सीधे रेस्क्यू करना मुश्किल हो रहा था. इसी दौरान गांव का एक युवक अंशुल, जो जल शक्ति विभाग में कार्यरत बताया जा रहा है, बुजुर्ग की मदद के लिए नदी में उतर गया. हालांकि तेज बहाव के चलते वह भी नदी के बीच फंस गया. दोनों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू टीम ने ड्रोन की मदद से रस्सी पहुंचाने समेत कई प्रयास किए.

मुख्यमंत्री से संपर्क के बाद सेना से मांगी मदद

नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से संपर्क किया गया. इसके बाद सेना से सहायता मांगी गई और सहारनपुर से एमआई-17 हेलीकॉप्टर रेस्क्यू के लिए पहुंचा. विधायक के मुताबिक रेस्क्यू के समय अंधेरा हो चुका था, लेकिन हेलीकॉप्टर रात में भी रेस्क्यू उड़ान भरने में सक्षम था. बुजुर्ग को सुरक्षित निकाल लिया गया है और युवक अंशुल को भी रेस्क्यू टीम की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

8:15 बजे बुजुर्ग को किया गया एयरलिफ्ट

एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया, "करीब रात 8:15 बजे एमआई-17 हेलीकॉप्टर से बनारसी दास को एयरलिफ्ट कर सहारनपुर ले जाया गया. वहां, उन्हें आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शुरुआत में प्रशासन को नदी में एक ही व्यक्ति के फंसे होने की सूचना मिली थी. बाद में युवक अंशुल के भी नदी में फंसे होने की जानकारी सामने आई".

रात 9 बजे अंशुल भी सुरक्षित निकला

एसडीएम के अनुसार करीब रात 9 बजे नदी का जलस्तर कम हुआ, जिसके बाद अंशुल खुद कुछ दूरी तक बाहर आया. इसके बाद रेस्क्यू टीम ने उसकी मदद कर उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया. कई घंटे चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों लोगों के सुरक्षित बाहर आने पर प्रशासन और बचाव टीमों ने राहत की सांस ली. एसडीएम ने बताया कि बुजुर्ग को सहारनपुर ले जाने के बाद बुधवार को सेना के साथ समन्वय किया जाएगा.

डीसी प्रियंका वर्मा ने मौके पर संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा भी मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया. प्रशासन, दमकल विभाग और अन्य राहत एवं बचाव टीमें लगातार मौके पर तैनात रहीं. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से वीडियो कॉल के माध्यम से बात की और बुजुर्ग के रेस्क्यू के लिए हेलीकॉप्टर उपलब्ध करवाने पर उनका आभार जताया. इसके बाद डॉ. बिंदल ने रेस्क्यू किए गए युवक अंशुल की मुख्यमंत्री से फोन पर बात करवाई.

मुख्यमंत्री ने अंशुल का कुशलक्षेम पूछा

डॉ. बिंदल ने कहा कि हेलीकॉप्टर उपलब्ध होने से दोनों कीमती जानों को बचाने में सफलता मिली. बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: बच्चों का नाम कटवाने स्कूल पहुंचे अभिभावक, 3 छात्रों ने छोड़ा विद्यालय, मिड डे मील मामले में स्टाफ पर गिरी गाज!