ETV Bharat / state

RTO की बड़ी कार्रवाई, बिना नंबर प्लेट का ट्रक जब्त, तीन डंपरों पर ₹1.69 लाख का जुर्माना

21 टन से अधिक क्षमता वाले डंपरों पर नाहन रूट से रोक लगाने का परिवहन विभाग ने प्रस्ताव डीसी सिरमौर को भेजा.

सिरमौर RTO की बड़ी कार्रवाई
सिरमौर RTO की बड़ी कार्रवाई (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 17, 2026 at 5:31 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में परिवहन विभाग ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाते हुए नियमों की अनदेखी करने वाले भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की. अभियान का नेतृत्व आरटीओ सोना चंदेल ने किया. अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट संचालित हो रहे एक ट्रक को मौके पर ही इंपाउंड कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. वहीं, तीन डंपरों के विरुद्ध विभिन्न उल्लंघनों के तहत करीब 1.69 लाख रुपये के चालान किए गए.

इन स्थानों पर हुई कार्रवाई

परिवहन विभाग की टीम ने खजुरना के समीप मारकंडा पुल, नवोदय विद्यालय के पास और सूरजपुर क्षेत्र में वाहनों की जांच की. इस दौरान पंजीकरण प्रमाणपत्र, फिटनेस, परमिट, टैक्स, बीमा और ओवरलोडिंग की विशेष रूप से जांच की गई. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मौके पर ही चालान काटे गए. विभाग के अनुसार बिना नंबर प्लेट चल रहा ट्रक गंभीर उल्लंघन की श्रेणी में आता है, क्योंकि इससे वाहन की पहचान करना कठिन हो जाता है और किसी दुर्घटना की स्थिति में जांच प्रभावित हो सकती है। ऐसे मामलों में विभाग शून्य सहनशीलता की नीति अपना रहा है.

21 टन से अधिक क्षमता वाले डंपर चिंता का विषय

नाहन की ओर आने वाले मार्ग पर तीखी चढ़ाई होने के कारण 21 टन से अधिक लोड क्षमता वाले भारी डंपर कई बार रास्ते में खराब हो जाते हैं. इससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है. इसी को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने उपायुक्त सिरमौर को प्रस्ताव भेजा है कि 21 टन से अधिक क्षमता वाले डंपरों के नाहन मार्ग से संचालन पर प्रतिबंध लगाने पर विचार किया जाए.

आरटीओ सोना चंदेल ने कहा, 'सड़क सुरक्षा सर्वोपरि है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. उन्होंने वाहन चालकों और मालिकों से अपील की कि वे वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाएं और ओवरलोडिंग से बचें, अन्यथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी. परिवहन विभाग का कहना है कि प्रशासन की स्वीकृति मिलने पर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित कर शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा'.

ये भी पढ़ें: अग्निकांड में प्रभावित 17 परिवार 3 महीनों से टेंटो में रहने को मजबूर, सुविधाओं से महरूम झनियार गांव, अब तक नहीं लगा तार स्पेन