ETV Bharat / state

हिमाचल-उत्तराखंड बॉर्डर पर RTO की बड़ी कार्रवाई, 30 वाहनों पर किया 5.49 लाख का जुर्माना

सिरमौर आरटीओ ने नियम की अनदेखी करने वाले गाड़ियों का चालान काटा.

सिरमौर आरटीओ की कार्रवाई
सिरमौर आरटीओ की कार्रवाई (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 11, 2026 at 8:16 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरमौर: हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर बड़ा एक्शन लिया. आरटीओ सोना चंदेल के नेतृत्व में मीनस क्षेत्र में औचक नाका लगाकर 90 से अधिक कमर्शियल वाहनों की जांच की गई, जिसमें 30 वाहनों के चालान कर 5.49 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. टीम सुबह 6 बजे नाहन से रवाना होकर शिलाई से आगे बॉर्डर क्षेत्र में पहुंची और कई घंटों तक जांच अभियान चलाया.

ओवरलोडिंग की शिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई में भले ही ओवरलोड वाहन नहीं मिले, लेकिन दस्तावेजों में गंभीर खामियां सामने आईं. टीम ने 90 से 95 कमर्शियल वाहनों की जांच की, जिनमें ट्रक, पिकअप, टैक्सी और निजी बसें शामिल थीं. जांच के दौरान 30 वाहनों को नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर चालान किए गए और कुल 5.49 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग की टीम में आरटीओ के साथ राजेश, रण बहादुर, हरजीत सिंह और मुन्ना लाल भी मौजूद रहे. अभियान की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में वाहन चालकों में हड़कंप मच गया.

सिरमौर आरटीओ की कार्रवाई
सिरमौर आरटीओ की कार्रवाई (ETV Bharat)

बिना परमिट और टैक्स चल रहे थे वाहन

जांच के दौरान उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कई वाहन बिना वैध परमिट और टैक्स के सड़कों पर संचालित पाए गए. विभाग ने ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजस्व हानि और सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

निजी बस में यात्रियों को नहीं दिए गए टिकट

अभियान के दौरान उत्तराखंड की एक निजी बस को भी जांच के लिए रोका गया. बस में आठ से दस यात्री सवार थे, लेकिन किसी को भी टिकट जारी नहीं किया गया था. इस पर संबंधित वाहन के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई. इससे पहले पांवटा साहिब क्षेत्र में भी कुछ दिन पूर्व इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां बिना टिकट यात्रियों को ले जाया जा रहा था.

आगे भी जारी रहेगा अभियान

आरटीओ सोना चंदेल ने बताया, 'विभाग को लगातार ओवरलोडिंग और बिना परमिट-टैक्स वाहनों के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं. इसी के तहत यह औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया. सड़क सुरक्षा और राजस्व संरक्षण विभाग की प्राथमिकता है. बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. वाहन चालकों और ऑपरेटरों से सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने और नियमों का पालन करने की अपील की गई है'.

ये भी पढ़ें: हिमाचल के इस जिले में नए और मॉडर्न तरीके से होगी गाड़ियों की पासिंग, जानिए कैसे?