पिकअप से टक्कर के बाद बाइक सवार 300 मीटर गहरी खाई में गिरा, मौके पर मौत
सिरमौर के रोनहाट क्षेत्र में एक पिकअप से टक्कर के बाद बाइक सवार गहरी खाई में जा गिरा. जिससे उसकी मौत हो गई.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 8:41 PM IST
|Updated : January 3, 2026 at 8:55 PM IST
सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. शनिवार शाम शिलाई उपमंडल के रोनहाट क्षेत्र में एक तेज रफ्तार पिकअप और बाइक की जोरदार टक्कर के बाद बाइक सवार युवक गहरी खड्ड में जा गिरा. हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई.
कैसे हुआ हादसा?
यह दुर्घटना रोनहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC Ronhat) के समीप हुई. जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक शिलाई की ओर से रोनहाट की तरफ आ रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद बाइक समेत युवक करीब 300 मीटर नीचे खड्ड में जा गिरा.
मौके पर ही गई जान
हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं. स्थानीय लोगों के अनुसार गिरने की ऊंचाई काफी ज्यादा थी, जिस कारण युवक को संभलने का मौका नहीं मिला. खड्ड में गिरते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान नवीन शर्मा (30), पुत्र आत्मा राम, निवासी गांव कुमली, पंचायत गुदीमानपुर के रूप में हुई है.
एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने बताया, "हादसे की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या लापरवाही को कारण माना जा रहा है, लेकिन असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी."
पुलिस ने दर्ज किया मामला
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खड्ड से शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: नशे के खिलाफ सोलन पुलिस सख्त, नशा तस्करी के आरोपी की 43 लाख की संपत्ति के जब्त

