ETV Bharat / state

सिरमौर में 6 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, ट्रक हादसे में 58 वर्षीय महिला की भी गई जान

सिरमौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की जान चली गई.

Sirmaur Road Accident
सिरमौर में सड़क हादसे (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 11, 2026 at 8:18 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में बुधवार का दिन दो अलग-अलग दुखद घटनाओं के कारण संबंधित परिवारों के लिए मातम में बदल गया. एक ओर कोटड़ी ब्यास गांव में 6 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, वहीं, दूसरी ओर बद्रीपुर चौक के समीप हुए सड़क हादसे में 58 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया. दोनों घटनाओं से क्षेत्र में शोक की लहर है.

गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस के अनुसार, कोटड़ी ब्यास गांव की एक महिला, जो पहले से दो बेटों की मां थी और वर्तमान में 6 माह की गर्भवती थी, पिछले एक दिन से सीने में दर्द की शिकायत कर रही थी. परिजनों ने प्रारंभ में दर्द को सामान्य समझते हुए घर पर ही उपचार किया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार महिला को मृत अवस्था में लाया गया था. इस दौरान गर्भ में पल रहे शिशु की भी मृत्यु हो चुकी थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है. प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे.

PREGNANT WOMAN DIES UNDER SUSPICIOUS CIRCUMSTANCES
गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत (ETV Bharat)

बद्रीपुर चौक पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आई महिला

एक अन्य हादसा पांवटा साहिब शहर के बद्रीपुर चौक पर पेश आया. यहां हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 58 वर्षीय महिला की जान चली गई. मृतका की पहचान शोभना (58) पत्नी राकेश निवासी जग्गा गली बद्रीपुर, तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह मंदिर में पूजा-अर्चना कर घर लौट रही थीं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक रेड लाइट पर खड़ा था और ग्रीन सिग्नल होते ही वाहन आगे बढ़ाया गया. इसी दौरान महिला पिछले पहिए की चपेट में आ गई. गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई. कुल मिलाकर दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में गहरा शोक है. जहां एक परिवार ने गर्भवती बहू और अजन्मे शिशु को खो दिया, वहीं दूसरे परिवार पर भी सड़क हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया.

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि, "पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है. हादसे के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है. अन्य मामले में पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में आगामी तफ्तीश में जुटी है."

ये भी पढ़ें: दो साल से खाली पद न भी भरे जाएं तो भी वेतन को चाहिए 1.21 लाख करोड़, पांच साल में कैसे होगा इंतजाम

ये भी पढ़ें: 'आर्थिक संकट के लिए सुक्खू सरकार जिम्मेदार, 3 साल में लिया ₹40 हजार करोड़ कर्ज, फिर भी विकास कार्य ठप'