जंगल में महिला की अधजली लाश मिलने से हड़कंप, मर्डर की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या करने के बाद शव को जंगल में लाकर जला दिया गया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 13, 2026 at 8:13 PM IST
सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब पांवटा साहिब उपमंडल के कोलर गांव के समीप जंगल में एक महिला की अधजली लाश मिली. शव बुरी तरह जला होने के कारण महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और हर पहलू से मामले को खंगाला जा रहा है.
95 प्रतिशत तक जल चुका था शव
जानकारी के अनुसार, पुलिस को किसी स्थानीय व्यक्ति ने जंगल में आग जलने की सूचना दी थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जब पुलिस ने घटनास्थल की जांच की तो वहां एक महिला का अधजला शव मिला. शुरुआती जांच में पता चला है कि शव करीब 95 प्रतिशत तक जल चुका है, जिसके चलते महिला की उम्र और पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है.
फोरेंसिक टीम जुटाएगी साक्ष्य
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभी यह तय नहीं हो पाया है कि मृतका शादीशुदा महिला थी, युवती थी या नाबालिग लड़की. शव की हालत बेहद खराब होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा है. मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को जुन्गा शिमला से बुलाया गया है, जो घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाएगी. पुलिस को उम्मीद है कि फोरेंसिक जांच के बाद कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.
हत्या के बाद शव जलाने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या करने के बाद शव को जंगल में लाकर आग लगाई गई हो सकती है. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वारदात जंगल में हुई या कहीं और हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लापता महिलाओं की जानकारी भी जुटा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर और माजरा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल इस सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
ये भी पढे़ं: हिमाचल में कंप्लीट होने से पहले ही गिरा निर्माणाधीन पुल, जानें क्या थी वजह
ये भी पढ़ें: राज्य सरकार को एक और झटका, KNH से गायनी वार्ड IGMC शिफ्ट करने के आदेश पर HC की रोक

