रॉन्ग साइड से ओवरटेक करना पड़ा भारी, सड़क हादसे में दंपति की दर्दनाक मौत
सिरमौर सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 19, 2026 at 6:15 PM IST
|Updated : February 19, 2026 at 7:05 PM IST
सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में हरियाणा बॉर्डर के पास पुलिस थाना कालाअंब के तहत आज दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया. यहां कालाअंब–त्रिलोकपुर संपर्क मार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार द्वारा गलत दिशा से ओवरटेक करने की कोशिश इस हादसे की मुख्य वजह बनी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना दोपहर करीब 1:50 बजे हुई. बताया जा रहा है कि एक बाइक पर तीन लोग सवार थे. इसी दौरान बाइक चला रहे शख्स ने आगे चल रहे वाहन को गलत साइड से ओवरटेक करने का प्रयास किया. जिससे अचानक संतुलन बिगड़ा और बाइक सामने आ रहे ट्रैक्टर के पिछले टायर से सीधे टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के पीछे बैठे जगरू और उनकी पत्नी लखपति ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
वहीं, बाइक चला रहा व्यक्ति दूसरी ओर गिरा और अफरातफरी का फायदा उठाकर घटनास्थल से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि मृतक दंपति बिहार से ताल्लुक रखता है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दुर्घटना के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा.
एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया, 'मामले में लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अवहेलना के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. फरार बाइक चालक की तलाश जारी है. जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा'.
ये भी पढ़ें: CM की घोषणा के बावजूद नहीं मिली मदद, आपदा में बेघर हुए प्रभावितों का कैसे बनेगा आशियाना?

