ETV Bharat / state

बागनधार माइन हादसा: मलबे में दबे तीनों लोगों के शव बरामद, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक ड्राइवर और दो नेपाली मूल के मजदूरों का शव मलबे से निकाला गया. आशु वर्मा की रिपोर्ट

बागनधार माइन हादसा
बागनधार माइन हादसा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 19, 2026 at 5:39 PM IST

|

Updated : August 19, 2026 at 8:05 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरमौर: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के कमरऊ तहसील के बागनधार स्थित माइन में हुए दर्दनाक भूस्खलन के बाद मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. हादसे में मलबे की चपेट में तीन लोग मलबे में दब गए थे. जिसमें से से एक ड्राइवर का शव सुबह रेस्क्यू कर लिया गया था. जबकि शाम के वक्त दो नेपाली मजदूरों का शव निकाल लिया गया.

मृतक की पहचान

ड्राइवर अनिल कुमार, निवासी बड़वास
धन सिंह, नेपाली मूल के मजदूर
गजेंद्र सिंह, नेपाली मूल के मजदूर

हादसे के बाद से ही प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय लोग संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान में जुटे थे. रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चलाया गया है. पहाड़ी से लगातार मलबा खिसकने और घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी सावधानी के साथ आगे बढ़ना पड़ रहा था. घनी धुंध से कुछ समय रेस्क्यू ऑपरेशन प्रभावित रहा.

बागनधार माइन हादसा (ETV Bharat)

एसडीएम शिलाई जसपाल सिंह ने बताया, "ड्राइवर की शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. जबकि शाम को बरामद दो नेपाली मूल के मजदूरों के शव पोस्टमार्टम के लिए पांवटा साहिब भेजे गए है, जहां कल उनका पोस्टमार्टम होगा"

दो डंपर और एलएनटी मशीन मलबे में दबी

जानकारी के अनुसार बागनधार स्थित माइन में मंगलवार शाम को अचानक पहाड़ से भारी चट्टानें और मलबा नीचे आ गया था. देखते ही देखते माइन में मौजूद दो डंपर और एक एलएनटी मशीन इसकी चपेट में आ गई. हादसे के समय डंपर में चालक समेत तीन लोग मौजूद थे. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. मलबे में दबे लोगों तक पहुंचने के लिए मशीनरी और मैनुअल तरीके से भी काम किया गया.

कड़ी मशक्कत के बाद मिला चालक का शव

बुधवार को एनडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान को तेज किया. कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह टीम मलबे में दबे एक डंपर तक पहुंचने में सफल रही. डंपर से चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी. मृतक की पहचान बड़वास निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है. जिसके बाद रेस्क्यू टीमों का पूरा ध्यान मलबे में दबे दो अन्य लोगों की तलाश पर थी. शाम को रेस्क्यू टीम ने दोनों शव को बरामद कर लिया.

हादसे के कारणों की जांच होगी

जिला खनन अधिकारी सरित चंद्र ने बताया, "हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या रहे, इसकी जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी".

ये भी पढ़ें: सिरमौर में पहाड़ से गिरा भारी मलबा, दो वाहन और L&T मशीन दबे, 3 लोगों के फंसे होने की आशंका

Last Updated : August 19, 2026 at 8:05 PM IST