ETV Bharat / state

सरगुजा में SIR की प्रक्रिया पूरी, 3 हजार 818 वोटर बढ़े, 1174 नाम हटाए गए

जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़े हैं, वो जिला निर्वाचन अधिकारी के दफ्तर में इस तरह से आवेदन करें.

SIR PROCESS COMPLETED
1174 नाम हटाए गए (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : February 22, 2026 at 9:04 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

सरगुजा: संभाग में चल रहे एसआईआर यानि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का काम पूरा हो गया है. करीब चार महीनों तक चली प्रक्रिया के बाद शनिवार को कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत ने मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया. बड़ी बात यह रही कि एसआईआर की प्रक्रिया के बाद सरगुजा में मतदाताओं की संख्या 3 हजार 818 की वृद्धि हुई है. इस मौके पर कलेक्टर ने राजनीतिक दलों को मतदाता सूची से जुटी अहम जानकारी साझा की.

बढ़ गई वोटरों की संख्या

चार महीने पहले प्रदेश में भी मतदाता सूची के गहन विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई थी. 27 अक्टूबर 2025 से जिले में निर्वाचक नामावलियों के एसआईआर की सूची जारी की गई. इस दौरान 1 जनवरी 2026 के आधार पर चार माह तक निरंतर एवं चरणबद्ध रूप से संचालित इस अभियान के पश्चात 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया.

SIR PROCESS COMPLETED
सरगुजा में SIR की प्रक्रिया पूरी (ETV Bharat)

कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा, ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गई, जिनका निराकरण 14 फरवरी तक नियमानुसार किया गया. ड्राफ्ट प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 के अनुसार जिले में 5 लाख 98 हजार 492 मतदाता थे, जबकि प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन 27 अक्टूबर को किया गया. जिसमें मतदाताओं की संख्या 6 लाख 74 हजार 980 थी. वहीं अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद जिले में मतदाताओं की संख्या 21 फरवरी की स्थिति में 6 लाख 2 हजार 310 है. इस प्रकार जिले में 3 हजार 818 मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है.


राजनीतिक दलों को दी गई जानकारी

कलेक्टर ने बताया कि एसआईआर के दौरान 782 बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं सत्यापन कार्य किया गया. कुल 6,74,980 मतदाताओं का मिलान और मैपिंग कार्य पूर्ण किया गया. जिसके बाद प्राप्त 5,98,492 गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया गया. सर्वेक्षण के दौरान मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित एवं दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान कर आवश्यक संशोधन किए गए. जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए, उनकी पुष्टि के लिए बीएलओ एवं संबंधित राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई.

SIR PROCESS COMPLETED
3 हजार 818 वोटर बढ़े (ETV Bharat)

चार महीने में पूरा हुआ एसआईआर का काम

इस अभियान को समयसीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए 3 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, 48 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, 876 बीएलओ एवं 1564 बूथ लेवल एजेंट सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही. बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक, एसडीएम फ़गेश सिन्हा तथा निर्वाचन शाखा के कर्मचारी उपस्थित थे.

जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी बड़ी जानकारी

जिला निर्वाचन अधिकारी वसंत ने बताया कि 1 जनवरी 2026 की पात्रता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी प्रपत्र संख्या 6 भरकर भविष्य में प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं. भविष्य में समय-समय पर होने वाले आवश्यक संशोधनों के अनुसार, नागरिक प्रपत्र संख्या 6. 7 और 8 भी भर सकेंगे. एसआईआर के दौरान आगामी अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 के संदर्भ में भावी मतदाताओं से आवेदन प्रपत्र 6 में प्राप्त किया गया है. सभी मतदाता अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम वेबसाइट - https://ceochhattisgarh.nic.in, वोटर पोर्टल - https://voters.eci.gov.in, ECINETAPP, बीएलओ के माध्यम से अथवा जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, ईआरओ, एईआरओ कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.

इस तरीके से जुड़वा सकते हैं अपना नाम

यदि पात्र मतदाता का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरकर उसके साथ घोषणा पत्र और आवश्यक सहायक दस्तावेज संलग्न कर ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. साथ ही अंतिम मतदाता सूची में दी गई जानकारी में कोई त्रुटि एवं स्थानांतरण हेतु फॉर्म-8 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन या ऑफलाइन सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है.

सड़क किनारे सिलाई करने वाले दर्जी पिता की बेटी ने नेट परीक्षा में लाए 93%, ETV भारत की खबर से मिली प्रेरणा

मनेंद्रगढ़ में बीपीसीएल के नेचुरल गैस पाइपलाइन प्लांट का शुभारंभ, घर-घर पहुंचेगी पाइप गैस

कोरिया दौरे पर सीएम विष्णु देव साय, सरगुजा विकास प्राधिकरण की ली बैठक