एसआईआर को लेकर भाजपा तैयार, इसके माध्यम से भारत के सच्चे मतदाता भाग्य विधाता होंगेः बीजेपी सांसद दीपक प्रकाश
झारखंड में SIR को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि इसके जरिए बड़ी संख्या में अवैध मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से हटेगा.

Published : January 9, 2026 at 2:47 PM IST
रांचीः झारखंड में मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर एक ओर जहां चुनाव आयोग तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटा है. वहीं दूसरी ओर सियासी बयानबाजी के साथ राजनीतिक दलों ने भी इसकी तैयारी शुरू कर दी है. एसआईआर का शुरू से समर्थन कर रही भारतीय जनता पार्टी को उम्मीद है कि इसके जरिए बड़ी संख्या में अवैध मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से हटेगा.
बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं की टीम बनाने में जुटी
पार्टी ने SIR (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट) के प्रावधानों के बारे में जनता को बताने का फैसला किया है, जिससे सभी वैध वोटर का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके. पार्टी इसके लिए मंडल से लेकर प्रदेश स्तर पर अपने कार्यकर्ताओं की टीम बनाने में जुटी है. साथ ही इस कार्य में सहायक बनने वाले पार्टी के बीएलए की सूची आयोग को सौंपी गई है.
एसआईआर के माध्यम से भारत के सच्चे मतदाता भाग्य विधाता होंगेः दीपक प्रकाश
झारखंड में शुरू हो रहे एसआईआर का स्वागत करते हुए भाजपा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा है कि इसके माध्यम से भारत के सच्चे मतदाता भाग्य विधाता होंगे. उन्होंने विरोधियों पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी सात बार एसआईआर हुआ है, इसके बाबजूद वह विरोध कर रही है. हद तो यह है कि बिहार में कांग्रेस ने इसके विरोध में यात्रा की और जनता ने उसे ठुकरा दिया.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राजद के जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं वह देश के साथ अन्याय कर रहे हैं और बांग्लादेशी घुसपैठिए को संरक्षण दे रहे हैं. इससे दुर्भाग्य क्या हो सकता है कि उनके बलबूते यह लोग सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं. इनके लिए नेशन फस्ट नहीं है, इलेक्शन फस्ट है. हमारे लिए नेशन फस्ट है.
बांग्लादेशी घुसपैठियों बाहर होंगे
दीपक प्रकाश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा तैयार रहती है, यहां राष्ट्र भक्तों का जमावड़ा है. एसआईआर को लेकर हम सभी पूरी तरह से तैयार हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि झारखंड की जनता एसआईआर का विरोध करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देगी और बांग्लादेशी घुसपैठियों को यहां से बाहर करने का काम करेगी.
ये भी पढ़ेंः
झामुमो का चुनाव आयोग से सवाल, 12 राज्यों में होना है एसआईआर तो कैसे छूट गया असम

