सिंगरौली में रूह कंपाने वाली दरिंदगी, युवक के साथ पहले मारपीट फिर तोड़ डाले हाथ-पैर
सिंगरौली में खाना खाकर दुकान में सोने गए 20 साल के युवक के साथ क्रूरता. गंभीर हालत में अस्पताल में चल रहा इलाज.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 7:25 PM IST
सिंगरौली: दिल दहला देने वाली घटना में अज्ञात आरोपियों ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी. हर रोज की तरह अपने घर से खाना खाकर दुकान पर सोने गए 20 वर्षीय युवक के साथ आरोपियों ने दरिंदगी की ऐसी घटना को अंजाम दिया कि सोच कर आपकी रूह कांप जाएगी.
अज्ञात आरोपियों ने 20 साल के युवक के हाथ-पैर तोड़ डाले, इसके बाद दरिंदों ने युवक के माथे पर जमकर चोट पहुंचाई. फिलहाल गंभीर स्थिति में युवक का इलाज जारी है. वहीं पुलिस इस घटना में जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है.
20 साल के युवक के साथ दरिंदगी
सिंगरौली के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखरा गांव में शुक्रवार की देर रात 20 वर्षीय घीनहागांव निवासी युवक संदीप यादव के ऊपर जानलेवा हमला हुआ है. शनिवार की सुबह जब परिजन और लोगों को सूचना मिली तो सभी का दिल दहल गया. अज्ञात आरोपियों ने इस युवक के साथ मारपीट की सभी हदें पार कर दीं. रूह कंपा देने वाली दरिंदगी करते हुए आरोपियों ने पहले युवक के पैर तोड़े फिर हाथ तोड़े और युवक के माथे पर भी घाव कर दिया. परिजन का कहना है कि युवक रोज की तरह खाना खाकर पास ही स्थित दुकान पर सोने गया था.
परिजन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और मौके पर पुलिस ने पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से युवक को इलाज के लिए सिंगरौली जिला अस्पताल भेजा. यहां गंभीर हालत में युवक का इलाज जारी है. इधर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.
- मुरैना में हफ्तावसूली, नहीं देने पर दुकानदार पर लाठी-डंडों से हमला, हाथ-पैर तोड़े
- रतलाम में बीच शहर चौराहे पर चले ताबड़तोड़ लाठी-डंडे, वाहन चालकों में अफरातफरी
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मोरवा एसडीओपी गौरव पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि "इस घटना की सूचना मिलने पर मैं और थाना प्रभारी पूरी टीम के साथ पहुंचे थे. यह युवक हर रोज की तरह शुक्रवार की रात में भी खाना खाकर दुकान पर सोने गया था. सुबह लोगों ने देखा तब इस घटना की सूचना मिली.
गंभीर हालत में युवक का इलाज जारी है. इस घटना में हर एंगल से जांच की जा रही है. यह घटना बेहद गंभीर है और पुलिस इस घटना में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. परिजन से जानकारी ली जा रही है कि उनकी क्या किसी से रंजिश चल रही थी."

