दोस्त से मिलने घर से निकला युवक, भरी दोपहर सिर पर गिरी बिजली, दर्दनाक मौत
मध्य प्रदेश के सिंगरौली में ह्रदय विदारक घटना, आसमानी आफत ने ली 26 साल के युवक की जान.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 2, 2026 at 8:53 PM IST
सिंगरौली : मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में आसमानी आफत ने एक नौजवान युवक की जान ले ली. यहां 26 वर्षीय युवक साइकिल पर सवार होकर दोस्त के घर की ओर जा रहा था. तभी अचानक आकाशीय बिजली काल बनकर युवक के ऊपर ही गिर गई. इस भयानक घटना में युवक की तत्काल मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद से जहां क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई. वहीं घटनास्थल पर लोगों का जमावड़ा लग गया.
26 साल के युवक की बिजली गिरने से मौत
दरअसल, पूरी घटना सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के उज्जैनी गांव की है. मंगलवार दोपहर के 3:00 बजे उज्जैनी निवासी तुलसीदास कोल पिता जियालाल कोल (26) साइकिल से पास ही रहने वाले दोस्त के घर जा रहा था. इस दौरान मौसम बिगड़ा हुआ था. जैसे ही तुलसीदास रास्ते में आगे बढ़ा आकाशीय बिजली उसके ऊपर कहर बनकर टूट गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

दोपहर के वक्त गिरी बिजली
घटना की सूचना जैसे ही बरगवां थाना पुलिस को मिली मौके पर पहुंचकर पुलिस बल ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर ने जानकारी देते हुए बताया, '' यह घटना दोपहर 3:00 बजे की है जब साइकिल पर सवार होकर निकला था. जैसे ही वह रोड पर पहुंचा, उसके ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था और परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें- आंगन में सो रहे युवक पर सीधे गिरी बिजली, श्योपुर में कहर बनकर टूटी आसमानी आफत
श्योपुर में ऐसी ही घटना, आंगन में सो रहे युवक पर बिजली गिरी
श्योपुर के ओछापुरा में सोमवार को ऐसी ही घटना घटी. यहां तड़के आसमान से बरसी आफत ने आंगन में सो रहे युवक की जान ले ली. घटना के बाद से पूरा गांव सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में प्री मॉनसून एक्टिविटी के चलते मौसमी चेतावनियां जारी की हैं और लोगों को खुले में सोने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है.

