सिंगरौली में मामूली बात पर नेता ने युवक को पीटा, 4 दिन बाद हरकत में आई पुलिस
सिंगरौली में एक नेता पर युवक के साथ मारपीट के आरोप, आक्रोश के 4 दिन बाद पुलिस ने किया आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : December 31, 2025 at 3:36 PM IST
सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में एक नेता की खुलेआम गुंडागर्दी देखने को मिली. आरोप है की नेता ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक गाड़ी रोककर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी. इस घटना में पीड़ित युवक को गंभीर चोटे आई हैं और गंभीर हालत में अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है. बताया जा रहा है कि घटना के चार दिन बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
गाड़ी रोककर युवक को पीटा
पीड़ित युवक सत्यनारायण वैश्य का कहना है कि, ''मैं अपना काम करके वापस घर की ओर जा रहा था. तभी एनसीएल मुख्यालय के सामने एक नेता ने गाड़ी रोककर पहले उसके साथ गाली गलौज की, फिर अपने साथियों के साथ मिलकर जमकर पीटा. उसके साथियों ने मेरे वाहन में भी बहुत तोड़फोड़ की.'' शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने घटना के चार दिन बाद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. घटना की जांच की जा रही है.
नेता के वाहन से हुई टक्कर
पूरा मामला सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनसीएल मुख्यालय गेट के पास का है. पीड़ित युवक सत्यनारायण वैश्य, (उम्र 43 वर्ष निवासी गदसा थाना बरगवां) ठेकेदार है. शुक्रवार की शाम को जब वह रोड साइड का निरीक्षण कर वापस बरगवां अपने घर की ओर जा रहा था. उसी दौरान उसके वाहन की एक नेता के वाहन से टक्कर हो गई. पीड़ित सत्यनारायण अपने वाहन को निकालकर घर की तरफ जाने लगा. यह बात नेताजी को नागवार गुजरी.
उन्होंने पीड़ित सत्यनारायण वैश्य के वाहन को रोककर गाली-गलौज करना शुरू कर दी और अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर दी. इस घटना में घायल सत्यनारायण वैश्य को अस्पताल ले जाया गया. जहां गंभीर हालत में उनका इलाज जारी है. घटना के बाद वैश्य समाज में आक्रोश देखने को मिला. जिस पर घटना के चार दिन बाद पहले कोतवाली थाने में और फिर मोरवा थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
पीड़ित ने बताया सत्ता के आगे नहीं हुई सुनवाई
पीड़ित सत्यनारायण वैश्य ने आरोप लगाते हुए कहा कि, घटना के तुरंत बाद ही हम अपने साथियों के साथ शिकायत के लिए जब मोरवा थाना गए तो वहां पर तुरंत सुनवाई नहीं हुई. आरोपी नेता बताया जा रहा है इसलिए पुलिस भी रिपोर्ट लिखने में हिचकिचाती रही. वैश्य समाज के भारी विरोध के चार दिन बाद मोरवा थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.'' सत्यनारायण वैश्य ने कहा, उनके साथ मारपीट करने वाले लोगों पर तत्काल कार्रवाई हो और उनके साथ हुई इस घटना का उन्हें इंसाफ मिले.''
मारपीट के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पीड़ित सत्यनारायण वैश्य की शिकायत पर पुलिस ने विनोद कुर्वंशी और उनके साथी आदिल खान, रोहित सिंह चौहान, अमित मोहाली , सिद्धार्थ मोहाली, सादिक एवं ड्राइवर सभी आरोपियों के विरुद्ध 126(2),115(2), 296(b), 324(4),351(3),3(5) धाराओं के मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की है.
थाना प्रभारी मोरवा यूपी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि, ''यह घटना 26 दिसंबर 2025 की है. घटना क्रम के बाद दोनों पक्ष मोरवा थाने में आए थे और आपस में समझौता कर अपने-अपने घर चले गए. पीड़ित अस्पताल में इलाज के लिए चला गया था. दो दिन बाद कोतवाली थाने में पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिक दर्ज की गई. उसके बाद मोरवा थाने में जांच के बाद मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है. पुलिस पीड़ित का बयान लेकर विवेचना कर रही है इसके बाद मारपीट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.''
- छिंदवाड़ा पुलिस ने गुंडों का भरे बाजार जुलूस निकाला, पैदल चलने लायक नहीं छोड़ा
- शहडोल मेडिकल कॉलेज का लेबर रूम बना अखाड़ा, देखिए लेडी डॉक्टर्स के गुंडागर्दी का वीडियो
- छतरपुर में बीच रोड पर रेत उड़ेल ट्रैक्टर छुड़ा ले गए रेत माफिया के गुर्गे
बीजेपी नेता की कार पर फायरिंग
सिंगरौली में सोमवार की रात को एक बड़ी घटना से दहशत का माहौल बन गया. नवानगर थाना क्षेत्र के निगाही में रात 12 बजे बीजेपी मंडल अध्यक्ष के वाहन पर किसी ने फायरिंग कर दी. इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. जब फायरिंग हुई तब भाजपा मंडल अध्यक्ष अपनी गाड़ी में मौजूद नहीं थे. फिलहाल इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच शुरू की. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों और जांच एवं पूछताछ कर रही है.
ईटीवी भारत से बात करते हुए एसपी सिंगरौली मनीष खत्री ने बताया कि, ''सोमवार की रात निगाही यूनियन बैंक के पास रात के 12 बजे भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश वर्मा अपनी वाहन के साथ मौजूद थे. उसी दौरान यह घटना बताई जा रही है. उन्होंने देखा कि उनकी गाड़ी के शीशे टूटे हुए थे. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस को कार के अंदर से कारतूस के ढांचा नूमा कोई वस्तु मिली है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मैंने खुद मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है. एफएसएल की टीम की रिपोर्ट के बाद ही घटना स्पष्ट हो पाएगी.''

