सिंगरौली के मुड़वानी डैम पर मध्य प्रदेश टूरिज्म की नजर, टूरिस्ट स्पॉट के लिए मौजूद है यहां नेचुरल ब्यूटी
प्रकृति की गोद में बसा है सिंगरौली का मुड़वानी डैम, एमपी टूरिज्म की टीम ने किया निरीक्षण, जल्द बनेगा पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 5:45 PM IST
सिंगरौली: कोयला और बिजली उत्पादन के लिए सिंगरौली देश भर में जाना जाता है. इसके साथ ही सिंगरौली के जयंत में स्थित मुड़वानी डैम को मुख्य पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी की जा रही है. बीते दिनों कलेक्टर गौरव बैनल ने मुड़वानी डैम का निरीक्षण किया था और इसके सौंदर्यीकरण के साथ टूरिज्म को बढ़ावा देने की बात कही थी. जिसके बाद 9 जनवरी को मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने भी स्थल का जायजा लिया.
पर्यटन केंद्र बनेगा मुड़वानी डैम
सिंगरौली के जयंत में स्थित मुड़वानी डैम प्रकृति की गोद में बसा है. जिसके चारों ओर पहाड़, जंगल और झील स्थित हैं. कलेक्टर ने बीते दिन मुड़वानी डैम का भ्रमण किया, तो इसे पर्यटन केंद्र बनाने की बात कही. भ्रमण के दौरान नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान भी मौजूद थी. कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा, "मुड़वानी डैम और इसके आस पास के इलाके में प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए इसे पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी हो रही है. इससे लोगों को रोजगार के भी अवसर मिलेगें."
पर्यटन विभाग के 6 अधिकारी पहुंचे मुड़वानी डैम
कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर शुक्रवार को मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के 6 अधिकारी मुड़वानी डैम पहुंचे और पूरे स्थल का जायजा लिया. जिसके बाद अब मुड़वानी डैम को मुख्य पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए पर्यटन अधिकारियों द्वारा इस योजना का एक प्रस्ताव भी रखा गया है. जिसमें विकास और सौंदर्यीकरण के कई कार्यों का जिक्र किया गया है. इन कार्यों को डीएमएफ या सीएसआर फंड से किया जाएगा.

इन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए जाने का है प्रस्ताव
- झील/डैम के चारों ओर सुंदर एवं सुरक्षित पैदल पथ (Pathway) का रिनोवेशन कार्य
- पर्यटकों के आराम करने के लिए आकर्षक गजेबो (Gazebo)
- प्राकृतिक दृश्य के अवलोकन के लिए व्यू प्वाइंट्स (View Points)
- पर्यावरण के अनुरूप स्टोन से निर्मित सिटिंग बेंच और बैठक व्यवस्था
- नेचर थीम बेस्ड/ स्कल्पटर बेस्ड पैसेज डेवलपमेंट
- जल संरक्षण और कटाव रोकने के लिए स्टोन पिचिंग एवं वाटर रिटेनिंग स्ट्रक्चर
- पर्यटकों के आकर्षण हेतु म्यूजिकल फाउंटेन
- संपूर्ण परिसर में आधुनिक एवं सौंदर्यपूर्ण लाइटिंग व्यवस्था
- लैंडस्केपिंग, हरियाली विकास, सूचना साइन बोर्ड, स्वच्छता एवं अन्य सहायक पर्यटन सुविधाएं
पर्यटकों की संख्या में होगी वृद्धि
प्रस्तावित कार्ययोजना द्वारा न केवल क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का संरक्षण होगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. इसके साथ ही इस परियोजना के पूर्ण होने से मुड़वानी डैम, सिंगरौली जिले का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकेगा. जिससे बाहर से आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे.

