सिंगरौली में रेत माफिया की थाने के अंदर दबंगई, गन पॉइंट पर छुड़ाया अवैध रेत से भरा वाहन
सिंगरौली में रेत माफिया ने खुलेआम थाने में घुसकर मचाया तांडव. बंदूक की नोक पर छुड़ा ले गए अवैध रेत से भरा वाहन.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 22, 2026 at 8:00 PM IST
|Updated : February 22, 2026 at 9:19 PM IST
सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में रेत माफिया की दबंगई का मामला सामने आया है. आरोप है कि थाने में मौजूद अवैध रेत से भरे वाहन को दबंगों ने बंदूक की नोक लूट लिया और थाना परिसर के अंदर मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनकर तमाशा देखती रही. संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.
बंदूक की नोक पर उठा ले गए वाहन
मामला सिंगरौली जिले के चितरंगी थाने का है. यहां शनिवार शाम को वन विभाग की टीम ने अवैध रेत से भरा एक वाहन जब्त किया था और उसे लेकर थाने पहुंची थी. आरोप है कि इस दौरान एक वाहन से कई लोग थाने पहुंचे और बंदूक दिखाकर वनरक्षक को धमकाने की कोशिश की. इसके साथ ही आरोपियों ने वनकर्मियों के साथ गाली गलौज की और वाहन से कुचलने की धमकी दी. इसके बाद अवैध रेत से भरे वाहन को बंदूक लहराते हुए लेकर फरार हो गए.
रेत माफिया का कानून को खुला चैलेंज
सिंगरौली में अवैध रेत उत्खनन कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार मामला सीधे कानून को चुनौती देने का है. अगर बंदूक की नोक पर थाने से वाहन छुड़ाया जा सकता है, तो यह साफ संकेत है कि माफिया का नेटवर्क कितना ताकतवर है. इस पूरे मामले में वनरक्षक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पुर पुलिस मामला दर्ज कर जांच करने की बात कर रही है. लेकिन इस घटना से पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो रहे है.
- रेत माफियाओं से सेटिंग पड़ी भारी, रिश्वत लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ने वाले TI सहित 7 सस्पेंड
- जबलपुर में खनन माफियाओं पर प्रशासन का बुलडोजर, 4000 घन मीटर अवैध रेत पर हुई कार्रवाई
थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया, "यह मामला शनिवार शाम का है. जहां थाने में रेत से भरा टीपर खड़ा करने के लिए लाया जा रहा था, तभी थाना परिसर के सामने कुछ लोग वनरक्षक को धमका कर रेत से भरा वाहन ले गए. इस मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की तलाश की जा रही है. इसमें शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी."

