सिंगरौली में 100 फिट का टावर बना जुनूने इश्क, लड़की चढी तो उतारने में छूटे पसीने
सिंगरौली के गांव में घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा. पुलिस ने करवाई वीडियो कॉल पर बात तब नीचे उतरी 17 साल की लड़की.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 25, 2026 at 2:31 PM IST
|Updated : May 25, 2026 at 4:10 PM IST
सिंगरौली: कहते हैं जब इंसान के ऊपर इश्क का बुखार चढ़ता है तो उसे दुनिया में कुछ और नजर नहीं आता और वह सात समुंदर लांघने को भी तैयार हो जाता है. ऐसे ही प्रेम की कहानी सिंगरौली जिले से सामने आई है. जहां प्यार पाने की चाह में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की अचानक से 100 फिट ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़ गई. और हाईटेंशन तार को छूकर जान देने की बात करने लगी. दरअसल लड़की का प्रेमी उससे बात नहीं कर रहा था. जिसके चलते उसने ऐसा खतरनाक कदम उठाया.
टावर पर चढ़ी 17 वर्षीय लड़की
जैसे ही लड़की टावर पर चढ़ी फिर क्या था देखते-देखते सैकड़ों की संख्या में भीड़ इकठ्ठा हो गई और यह हाई वोल्टेज ड्रामा कई घंटे तक चलता रहा. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से समझा बूझाकर लड़की को नीचे उतारा. यह कोई पहली घटना नहीं है बीते दो-तीन महीने का आंकड़ा देखें तो सिंगरौली में इस तरह टावर पर चढ़ने वाले कई ड्रामे सामने आ चुके हैं.
प्रेमी को किया वीडियो कॉल
चितरंगी थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने बताया कि ''सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एक ग्राम में सोमवार को गांव की रहने वाली 17 वर्षीय लड़की अचानक से बिजली टावर पर चढ़ गई. देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. मौके पर पहुंची चितरंगी पुलिस कई घंटे तक उसे नीचे उतारने का प्रयास करती है. लेकिन जब लड़की नहीं उतरी तब पुलिस ने लड़की के प्रेमी को वीडियो कॉल पर लिया और बात कराया." इस बातचीत के बाद लड़की को उतारा गया और इसमें पुलिस को भीषण गर्मी में पसीने आते रहे.

- सागर में परिवार सहित टीवी टावर पर चढ़ गया शख्स, पुलिस-प्रशासन के उड़े होश
- युवक के इश्क में टावर पर चढ़ी प्रेमिका, शादी तय होने के बाद प्रेमी से बात नहीं होने से थी नाराज
- कलेक्टर को बुलाओ तभी उतरूंगा, नीमच में शोले जैसा सीन, 120 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक
प्रेमी से बात के बाद नीचे उतरी लड़की
पुलिस ने प्रेमी से वीडियो कॉल के जरिए लड़की की बात करवाई. यह बातचीत और समझाइश लगभग 40 मिनट तक चलती रही. जिसके बाद लड़की टावर से नीचे उतरने को राजी होती है. तब जाकर लड़की के परिजन और पुलिस राहत की सांस लेते हैं. चितरंगी थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि ''यह घटना सोमवार सुबह की है, जब 100 मीटर ऊंचे बिजली टावर पर एक लड़की चढ़ जाती है. किसी तरह से समझाइश और आश्वासन देकर लड़की को टावर से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है.''

