ETV Bharat / state

सिंगरौली में चोरों का भारी कांड, रातों-रात गायब कर दिया कमर्शियल प्लाजा की रेलिंग और शटर

सिंगरौली के व्यवसायिक प्लाजा में लाखों का शटर और रेलिंग उठा ले गए चोर, पास में थाना होने की वजह से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल.

SINGRAULI COMMERCIAL PLAZA THEFT
व्यावसायिक प्लाजा से रातों-रात गायब हुए सैकड़ों शटर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : November 15, 2025 at 1:59 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सिंगरौली: कोतवाली थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित व्यावसायिक प्लाजा से शातिर चोरों ने रातों-रात सैकड़ों शटर गेट और भारी मात्रा में लोहे की रेलिंग उड़ा दी. घटना के सामने आने के बाद लोगों में हैरानी है कि इतनी बड़ी चोरी होने के बावजूद किसी को भनक तक कैसे नहीं लगी. मामले ने तूल पकड़ा तो नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान ने संज्ञान में लिया और कहा कि वह मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगी और प्राथमिक रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई जाएगी.

व्यावसायिक प्लाजा से रातों-रात गायब हुए सैकड़ों शटर

मामला सिंगरौली जिला मुख्यालय बैढ़न का है. गनियारी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा बड़े पैमाने पर निर्मित व्यावसायिक प्लाजा में करीब 200 दुकानें बनाई गई थीं. यहां सैकड़ों दुकानदार अपनी दुकानों चला रहे हैं. धीरे-धीरे भवन क्षतिग्रस्त होने के कारण डेढ़ वर्ष पहले तत्कालीन कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला के निर्देश पर एसडीएम और निगमायुक्त ने सभी दुकानों को खाली करा दिया था.

Singrauli Commercial Plaza Theft
डेढ़ साल पहले बंद कर दिया गया था व्यवसायिक प्लाजा (ETV Bharat)

दुकानदारों के हटने के बाद प्लाजा में पड़े लोहे के शटर और रेलिंग पर कबाड़ माफियाओं की नजरें टिक गईं. शटर रहित खाली दुकानों का फायदा उठाते हुए चोरों ने रातों-रात एक सैकड़ा से अधिक शटर पार कर दिए. इसके बाद करीब 80 प्रतिशत रेलिंग भी काटकर ले चले गए. आश्चर्य की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात का कोतवाली पुलिस को पता तक नहीं चला.

पास में पुलिस थाना होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

इतनी बड़ी चोरी की घटना सामने आने के बाद नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान ने कहा, "सोमवार को मैं स्वयं निरीक्षण के लिए जाऊंगी. यदि शटर और रेलिंग चोरी हुई पाई गई तो इसकी सूचना व प्राथमिक रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई जाएगी." घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. यह व्यावसायिक प्लाजा कोतवाली से महज 300 मीटर दूर है और आसपास पुलिस पॉइंट जोन भी मौजूद है, जहां अक्सर पुलिस की तैनाती रहती है. ऐसे में इस तरह की घटना सामने आने के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं.