ETV Bharat / state

सिंगरौली में कोयला माफिया के सामने सब नतमस्तक, कलेक्टर ने दिया आदेश तो 8 ट्रक जब्त

सिंगरौली जिले में कोयला माफिया की बादशाहत चलती है. ग्रामीणों ने खोला मोर्चा तो खनिज विभाग ने जब्त किए वाहन.

Singrauli coal mafia
कोयले का अवैध परिवहन करते 8 वाहन जब्त (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : December 17, 2025 at 7:43 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सिंगरौली : सिंगरौली जिले में एक बार फिर अवैध खनन परिवहन के मामले में कार्रवाई की गई. मंगलवार को खनिज विभाग ने अवैध कोल परिवहन करने वाले 8 वाहनों को जब्त किया है. ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंची खनिज विभाग की टीम ने झिंगुरदह स्थित बरहवा टोला में अवैध परिवहन की जांच की, जिसमें कोयले का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहनों को जब्त किया गया है.

कलेक्टर को लगातार मिल रही शिकायतें

खनिज विभाग ने ये कार्रवाई सिंगरौली जिले के मोरवा क्षेत्र में की है. जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल को ग्रामीणों से सूचना मिली कि आए दिन झींगुरदह के बरहवा टोला स्थित क्षेत्र से लगातार अवैध कोयले का परिवहन किया जा रहा है. कलेक्टर गौरव बैनल को भी शिकायतें मिल रही थीं. कलेक्टर ने मंगलवार की शाम को अवैध कोल परिवहन की जांच के लिए खनिज विभाग को आदेश दिया. टीम जब मौके पर पहुंची और जांच की तो 8 वाहन कोल परिवहन कर रहे थे.

सिंगरौली जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल (ETV BHARAT)

आरटीओ भी कर रहा है कार्रवाई

इन ट्रकों के पास कोई दस्तावेज नहीं मिले. जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया "खनिज विभाग की टीम ने सभी 8 कोल परिवहन करने वाले ट्रक वाहनों को जब्त कर नजदीकी मोरवा थाने में खड़ा करवा दिया. जब्त वाहनों पर खनिज नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है." सिंगरौली जिला परिवहन विभाग द्वारा भी अपने नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है. सिंगरौली जिले में कोयले की चोरी हो, अवैध परिवहन हो या फिर अवैध रेत का परिवहन, ये मामले लगातार सामने आ रहे हैं.

ग्रामीणों में कोयला माफिया के खिलाफ रोष

अवैध परिवहन से ग्रामीण परेशान हैं. गांवों से बने शॉर्टकट से ये वाहन निकलते हैं. गांव के रोड से भी ये वाहन तेज रफ्तार से निकलते हैं, इससे हमेशा हादसे का डर बना रहता है. ग्रामीण लगातार शिकायत करते हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस और खनिज विभाग की मिलीभगत से ये अवैध कोयले का परिवहन हो रहा है. कोयला माफिया की दादागिरी के सामने ग्रामीण भी डर जाते हैं. कभी-कभी दिखाने के लिए खनिज विभाग कार्रवाई कर देता है.