पहली बार चांदी 2 लाख पार, एक साल में भाव दोगुने, सोना भी रिकॉर्ड स्तर पर
बदलती तकनीकी ने चांदी की खपत बढ़ाई है. सोलर, इलेक्ट्रिक गाड़ियों में अब चांदी का उपयोग बढ़ने लगा.

Published : December 17, 2025 at 2:00 PM IST
जयपुर: चांदी ने अभी तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए. बुधवार को चांदी के दाम 2 लाख के पार पहुंच गए, जो नया रिकॉर्ड है. चांदी के भाव एक साल में दोगुने हो गए हैं. इसके अलावा सोना भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया.
जयपुर सर्राफा बाजार के पदाधिकारी मातादीन सोनी ने बताया कि 1 जनवरी 2025 को चांदी के दाम 88 हजार के आसपास थे, लेकिन दिसंबर में दाम 2 लाख पार कर गए. एक साल में चांदी के दाम दोगुने हो गए. सोनी ने कहा कि चांदी की मांग अधिक है, लेकिन उत्पादन कम है. साथ ही इंडस्ट्री सेक्टर में चांदी की मांग कुछ साल से बढ़ी है.
पढ़ें: चांदी की कीमतों ने फिर बनाया रिकॉर्ड, आम उपभोक्ताओं के रुझान सहित इस वजह से बढ़ रही कीमतें
सर्राफा बाजार के पदाधिकारी सोनी ने कहा कि सोने की कीमतों ने भी नया रिकॉर्ड बनाया है. बुधवार को जयपुर सर्राफा बाजार से जारी सोने की कीमतों की बात करें तो बीते दिन के मुकाबले 24 कैरट सोने की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली. 24 कैरेट सोना 800 रुपया महंगा हुआ. इसके बाद 24 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 36 हजार 500 रुपए प्रति 10 ग्राम रही. 22 कैरेट सोने के दाम 1 लाख 27 हजार 600 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज किए गए.
चांदी में सबसे बड़ा उछाल: बुधवार को चांदी में बड़ा उछाल देखने को मिला. चांदी 8500 रुपया प्रति किलो महंगी हुई. यह अब तक का यह सबसे बड़ा उछाल है. इसके बाद चांदी के दाम 2 लाख 6 हजार रुपए पहुंच गए.
पढ़ें:'चांदी' होगा भविष्य का नया सोना, 9 माह में दाम दोगुने, आखिर क्यों अचानक बढ़ रहे भाव, जानिए...
नए युग का सोना: मातादीन सोनी का कहना है कि चांदी अब नए युग का सोना बनने जा रही है. आज का युवा चांदी के फैन्सी उत्पादों को अधिक पसंद कर रहा है. इसके साथ ही परिवारों में चांदी का घरेलू उपयोग बढ़ने लगा है. बदलती तकनीकी ने चांदी की खपत बढ़ाई है. सोलर, इलेक्ट्रिक गाड़ियों में अब चांदी का उपयोग बढ़ने लगा, जैसे जैसे इलेक्ट्रिक कारों की मांग बढ़ेगी, वैसे उपयोग बढ़ेगा.

