प्रकाश पर्व के दौरान पंजाब की महिला से लूटपाट, विरोध करने पर मारा चाकू
पटना में प्रकाश पर्व के दौरान पंजाब की सिख महिला से लूटपाट की गयी. विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू मारकर घायल कर दिया.

Published : December 29, 2025 at 10:33 AM IST
पटना: बिहार के पटना में पंजाब की सिख महिला से लूटपाट की घटना सामने आयी है. पीड़ित महिला प्रकाश पर्व में हिस्सा लेने पहुंची थी. घटना रविवार की सुबह श्रद्धालुओं से भरे इलाके में घटी. महिला ने जब लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया.
गुरदासपुर की रहने वाली है महिला: प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरदासपुर (पंजाब) की रहने वाली उत्तमप्रीत कौर अपनी चाची सर्वजीत कौर के साथ तख्त श्री हरमंदिर साहिब से बाल लीला गुरुद्वारा की ओर जा रही थी. दोनों एक संकरी गली से गुजर रही थी तभी पहले से घात लगाए दो बदमाशों ने घेर लिया और चाकू के नोक पर फोन छीनने की कोशिश की.
नकद और फोन लूटे: महिला ने लूटपाट का विरोध की तो बदमाश और उग्र हो गए. चाकू से हमला कर करीब 8000 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए. अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
चाकू लगने से जख्मी: घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) पहुंचाया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार उत्तमप्रीत कौर को चाकू से चोट लगी थी, हालांकि समय पर इलाज मिलने के कारण उनकी हालत में सुधार है. प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस: पटना सिटी के सर्किल इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि इस मामले में चौक थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.

"पुलिस की कई टीम बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. महिला को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है." -दिनेश कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर, पटना सिटी
सुरक्षा पर सवाल: इस घटना ने प्रकाश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रकाश उत्सव को लेकर पटना के वरीय आरक्षी अधीक्षक और जिलाधिकारी द्वारा लगातार बैठकें की गई थी. इन बैठकों में तख्त श्री हरमंदिर साहिब, बाल लीला गुरुद्वारा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए थे. बावजूद श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की घटना घटी.
सुरक्षा की मांग: घटना के बाद सिख संगत और स्थानीय लोगों में रोष देखा जा रहा है. श्रद्धालुओं का कहना है कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु प्रकाश उत्सव में शामिल होने पटना सिटी आते हैं. ऐसे में सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक बेहद चिंताजनक है. लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.
ये भी पढ़ें:

