Khatushyamji Devotees : पलसाना में पलटी श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो की मौत और 8 घायल
पलसाना इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 पर बड़ा सड़क हादसा. खाटूश्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी.

Published : February 24, 2026 at 2:02 PM IST
सीकर: राजस्थान के सीकर जिले में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई. यह दुर्घटना श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से पेश आई. इस हादसे में 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना पलसाना इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 पर लढाणा पुलिया के पास सोमवार देर रात करीब 1 बजे हुई.
रानोली थाने के हेड कांस्टेबल राम सिंह के मुताबिक हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. घटना के बाद गंभीर रूप से घायल 6 श्रद्धालुओं को पलसाना अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
पढ़ें : बड़ा हादसा : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराकर उड़े कार के परखच्चे, UP के 4 युवकों की मौत
दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत : पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु झुंझुनू जिले के गोढ़ा खेड़ा गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर खाटूश्यामजी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे. रास्ते में पुलिया के पास अचानक ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि राव भास्कर (25) और मनरूप (52) की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों शवों को पलसाना के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा.

घटना में दिव्या (20), मीनू (23), सुमेर सिंह (52), सुमन (35), मनीष (20), ईशान (18) और पूनम (35) समेत 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सभी घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर छह घायलों को सीकर के एसके अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायलों में दो की हालत नाजुक बनी हुई है.
हादसे के कारणों की जांच : मामले की सूचना मिलते ही रानोली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है. रानोली थाने के हेड कांस्टेबल राम सिंह ने बताया कि ट्रॉली के अनियंत्रित होने के कारणों की पड़ताल की जा रही है. प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तेज गति या संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ हो सकता है.

