ETV Bharat / state

'जानलेवा' चाइनीज मांझे के खिलाफ जंग, कलेक्टर टीना डाबी ने शुरू किया विशेष अभियान

'कोबरामैन' मुकेश माली ने जिला कलेक्टर टीना डाबी को ज्ञापन सौंपकर चाइनीज एवं प्लास्टिक मांझे पर प्रतिबंध लगाने की मांग की.

Chinese kite string
हस्ताक्षर अभियान का आगाज करतीं जिला कलेक्टर (ETV Bharat Barmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 3, 2026 at 11:21 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बाड़मेर: पतंग उड़ाने के लिए साधारण डोर की बजाय चाइनीज और प्लास्टिक मांझे का प्रचलन बढ़ गया है. हर साल मकर संक्रांति के अवसर पर इससे जुड़ी दुर्घटनाएं सामने आती हैं, जो आसमान में उड़ने वाले पक्षियों से लेकर इंसानों के लिए भी खतरनाक साबित हो रही हैं. इसी को देखते हुए चाइनीज एवं प्लास्टिक मांझे की बिक्री व उपयोग पर रोक लगाने की मांग को लेकर बाड़मेर के जागरूक युवाओं ने एक हस्ताक्षर अभियान चलाया. इस अभियान का उद्देश्य आमजन को इन मांझों से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक करना और इसके उपयोग पर रोक के लिए जनसमर्थन जुटाना है.

अभियान की शुरुआत बाड़मेर की जिला कलेक्टर टीना डाबी के हस्ताक्षर से हुई. जिला कोषाधिकारी जसराज चौहान ने भी हस्ताक्षर कर अभियान को अपना समर्थन दिया. इसके बाद शहर के सैकड़ों नागरिकों ने हस्ताक्षर कर चाइनीज एवं प्लास्टिक मांझे के उपयोग के विरोध में अपनी आवाज दर्ज कराई.

पढ़ें: दर्दनाक ! खेत पर जा रहा था किसान, चाइनीज मांझे से हुआ लहूलुहान, चेहरे पर आये पांच टांके

अभियान संयोजक रमेश मंसूरिया ने बताया कि यह अभियान पिछले तीन वर्षों से लगातार चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष बाड़मेर शहर के ओवरब्रिज पर एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आकर अपनी जान गंवा बैठा था. इसी तरह प्रदेश व देशभर में इस जानलेवा मांझे से जुड़ी कई दर्दनाक घटनाएं सामने आ चुकी हैं. उन्होंने कहा कि इस बार जिला प्रशासन ने ओवरब्रिज के दोनों तरफ काफी ऊंचाई पर रस्सियां बांधकर एक सकारात्मक प्रभाव पैदा किया है, लेकिन भीड़-भाड़ वाले इलाकों में आज भी हादसों की आशंका बनी हुई है.

मंसूरिया ने प्रशासन से चाइनीज और प्लास्टिक मांझे की बिक्री व उपयोग पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए आमजन से भी इसका प्रयोग न करने की अपील की. इस अवसर पर समाजसेवी रमेश कड़वासरा, सीएचओ गोविंद मौर्य, शिवराज अणखिया, रमेश सोलंकी, सागराराम, भरत राज मंसूरिया, भरत फुलवरिया, चंपत मंसूरिया, मुकनचंद, शिवम् बालसुर, जसराज बृजवाल, स्वरूप सहित अनेक लोग मौजूद थे.

Chinese kite string
कलेक्टर को ज्ञापन देते कोबरामैन (ETV Bharat Barmer)

यह भी पढ़ें: चाइनीज मांझे से कटी युवक की पलक, सर्जरी में आए 70 टांके, समय रहते इलाज मिलने से बची जान

कोबरामैन ने भी सौंपा ज्ञापन: वन्य जीव एवं पर्यावरण प्रेमी 'कोबरामैन' मुकेश माली ने भी जिला कलेक्टर टीना डाबी को एक ज्ञापन सौंपकर चाइनीज एवं प्लास्टिक मांझे पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी. मुकेश माली ने बताया कि इस प्रकार के मांझे से आसमान में उड़ने वाली पक्षियों और सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को गंभीर चोट लगने के कई हादसे सामने आ चुके हैं.