कभी पूंछ खींची तो कभी मुंह पकड़ा, सोन नदी में घड़ियाल के बच्चे संग युवकों का खतरनाक प्रैंक
सीधी में सोन घड़ियाल अभ्यारण का वीडियो आया सामने, घड़ियाल के बच्चे संग खिलवाड़ करते दिखे युवक, सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 23, 2026 at 12:40 PM IST
सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सोन घड़ियाल अभ्यारण से एक बेहद चिंताजनक वीडियो सामने आया है, जिसने वन विभाग और अभ्यारण प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस वीडियो में 5 से 6 युवक सोन नदी में खुलेआम नहाते दिखाई दे रहे हैं. जबकि इसी क्षेत्र में हाल ही में चंबल नदी से लाकर 80 कछुए और घड़ियाल छोड़े गए हैं. इसके अलावा पहले से यहां 38 घड़ियाल और 74 मगरमच्छ मौजूद बताए जा रहे हैं.
घड़ियाल के बच्चे के साथ युवकों की मस्ती
अब सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरा घटनाक्रम अभ्यारण क्षेत्र और मुख्य मार्ग से महज करीब 300 मीटर दूर का बताया जा रहा है. जहां किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. इन सबके बावजूद इसकी सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह लापरवाह नजर आ रही है. वहीं वीडियो में कुछ युवक घड़ियाल के बच्चे को पकड़कर उसके साथ खिलवाड़ करते दिखाई दे रहे हैं. कोई उसकी पूंछ पकड़ रहा है तो कोई मुंह पकड़कर वीडियो बना रहा है. वहीं कुछ लोग सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने और वायरल होने की होड़ में अपनी जान तक जोखिम में डालते दिखाई दे रहे हैं.
वन्यजीवों को उकसाना अपराध है
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, घड़ियाल और मगरमच्छ जैसे जलजीवों को उकसाना न सिर्फ खतरनाक है बल्कि वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत अपराध भी माना जाता है. अब इसके बावजूद मौके पर किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा युवकों को रोकने की कोशिश नहीं किए जाने की बात सामने आ रही है. यह वीडियो शुक्रवार रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर तेजी से सर्कुलेट हुआ, जिसके बाद लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है. वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.

- इस पत्ते के लिए जान जोखिम में डाल देते हैं लोग, साल भर करते हैं इंतजार, जानें क्यों खास है ये पत्ता
- बड़े तालाब में सुरक्षा से खिलवाड़, 50 से अधिक नाव के लाइसेंस सालों से पेंडिंग, नगर निगम बेखबर
- सड़क पर टहल रहे मगरमच्छ के साथ जानलेवा खिलवाड़, देखिए वीडियो
इस मामले में सोन घड़ियाल अभ्यारण के अधिकारी प्रमोद सिंह ने कहा कि, "उन्हें सोशल मीडिया पर जारी वीडियो की जानकारी मिली है. कुछ लड़के घड़ियाल के साथ छेड़छाड़ करते हुए नजर आ रहे हैं. पूरे मामले की जांच कराई जा रही है.'' उन्होंने कहा कि, ''यदि किसी व्यक्ति द्वारा वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़ या कानून का उल्लंघन किया गया है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.''

